बुलंदशहर। लालकुंआ गाजियाबाद से युवक को लिफ्ट देकर गंगेरूआ फ्लाईओवर के पास लूट कर छोड़ने वाले दो शातिर लुटेरों को देहात कोतवाली पुलिस ने पकड़ा है। एएसपी ऋजुल कुमार ने बताया कि गत 21 नवंबर की रात नगर के दुर्गापुरम निवासी एक व्यक्ति ने तहरीर दी थी। तहरीर में उन्होंने बताया था कि उन्होंने लाल कुंआ से एक कार में बुलंदशहर आने के लिए लिफ्ट ली थी। शातिर आरोपियों ने देहात कोतवाली क्षेत्र में हाईवे पर गांव गंगेरुआ के निकट पीड़ित के साथ लूट की और पीड़ित से दस हजार नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान लूट लिया था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। मंगलवार दोपहर को दोनों आरोपियों को ट्रांसपोर्ट नगर से देहात कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनकी शिनाख्त उमेश कुमार निवासी गांव सोनबूढ़ी थाना जरीफनगर बदायूं और वीरेश शर्मा निवासी जरीफपुर गढि़या थाना सहसवान जनपद बदायूं के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से लूट के चार हजार रुपये, एक फर्जी आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। दोनों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।