दो ट्रांसफार्मर में लगी आग, दर्जनों इलाकों की बिजली हुई गुल
बुलंदशहर। कलक्ट्रेट परिसर स्थित 400 और 250 केवीए के दो ट्रांसफार्मर में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई। जिससे कई मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। डीएम कार्यालय का मामला होने के कारण आनन फानन में विद्युत निगम के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
जनपद की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। कभी जंफर फूंकने से घंटों बिजली गुल हो जाती है तो कभी अन्य लोकल फाल्ट के कारण आए दिन लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। शुक्रवार दोपहर कलक्ट्रेट भवन के पिछले हिस्से में रखे दो ट्रांसफार्मर (400 व 250 केवीए) में आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने का क्या कारण रहा, इसका कोई भी अफसर जवाब नहीं दे पा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के केबिल में आग लगी थी जिसके कारण ये हादसा हुआ। आग लगने के चलते कचहरी रोड, कलक्ट्रेट, प्रीत विहार, लक्ष्मीनगर, कालाआम टीचर्स कालेनी समेत करीब दर्जनभर इलाकों में कई घंटे तक बिजली गुल रही।
कहीं ओवरलोडिंग तो नहीं रहा आग का कारण
ट्रांसफार्मर में अधिकतर आग उसके ओवरलोड होने के कारण ही लगती है। लोगों का कहना है कि हो सकता है कि दोनों ट्रांसफार्मर ओवरलोडिंग के कारण जले हों।
आग लगने का अभी कोई कारण सामने नहीं आया है। आग बुझा दी गई है। अधिकारी मौके पर हैं और नए ट्रांसफार्मर लगवा रहे हैं। जल्द ही आपूर्ति सुचारु हो जाएगी। - शिव कुमार, एक्सईएन शहर
आज तीन घंटे ठप रहेगी दर्जनों इलाकों में बिजली सप्लाई
शनिवार को अनूपशहर अड्डा रोड स्थित बिजलीघर नंबर तीन में मरम्मत का कार्य किया जाना है। इसकी वजह से सुबह छह बजे से लेकर नौ बजे तक क्षेत्र की आपूर्ति बंद रहेगी। एसडीओ अजय सिंह ने बताया कि बिजलीघर पर मरम्मत का कार्य किया जाना है। जिसकी वजह से टांडा, किशोरी बाग, आवास विकास, काली नदी रोड, अनूपशहर रोड, शिकारपुर रोड आदि क्षेत्रों की आपूर्ति तीन घंटे तक बाधित रहेगी। बता दें कि बिजलीघर नंबर तीन में आए दिन लोकल फाल्ट के कारण घंटों बिजली कटौती रहती है। जिसके कारण स्थानीय निवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
जंक्शन इलाके में रातभर गुल रही बिजली
खुर्जा जंक्शन। रेलवे रोड पर रखे ट्रांसफार्मर में आग लगने से रातभर कई कॉलोनियों की बिजली गुल रही है। इसके चलते रातभर अंधेरा पसरा रहा। गर्मी के चलते लोग रातभर छतों पर टहलते रहे। इसके अलावा लोगों को सुबह के समय पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से दिक्कत का सामना करना पड़ा। सुबह फाल्ट दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति सुचारु कराई गई। रेलवे रोड पर रखे 232 केवीए के ट्रांसफार्मर में आग लगने के चलते कई कॉलोनियों की बिजली गुल हो गई। इसके चलते रेलवे रोड, प्रसादी नगर, विमला नगर, सांई नगर, दौसपुर रोड समेत कई कॉलोनियों की बिजली पूरी रात गुल रही। भीषण गर्मी में रातभर नींद नहीं आने से लोग परेशान रहे। सुबह के वक्त पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो गई। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ट्रांसफार्मर दुरुस्त करते हुए आपूर्ति शुरू की गई।