बुलंदशहर। बुखार के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए सीएमओ ने प्रत्येक ब्लॉक पर दो-दो टीमों का गठन कर जिम्मेदारी दी है। प्रत्येक टीम अपने-अपने क्षेत्र पर नजर रखने के साथ सूचना पर गांव में शिविर लगाकर लोगों का उपचार करेंगी। शिविर में मिले गंभीर मरीजों को नजदीकी सरकारी चिकित्सालय में भर्ती करवाया जाएगा। जिले में दो माह से वायरल बुखार का प्रकोप बना हुआ है। गांव-गांव घर-घर में अभी भी काफी लोग बुखार से पीड़ित चल रहे हैं। बुखार का प्रकोप न थमने पर विभाग ने अब प्रत्येक ब्लॉक पर दो-दो स्वास्थ्य टीम बनाकर उन्हें उपचार करने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर चिकित्सा अधिकारी भी तैयारी में जुट गए हैं जो सूचना मिलने पर गांव-गांव टीम भेजकर शिविर लगवा रहे है। सीएमओ डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि बुखार से बचाव के लिए प्रत्येक ब्लॉक पर दो-दो टीमों को सूचना मिलने पर तत्काल गांव में जाकर शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। जिससे बुखार के प्रकोप को रोका जा सके।