खानपुर। दिल्ली पुलिस पर हमला कर आरोपी को छुड़ाने के मामले में कार्रवाई के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। टीम ने 10 से अधिक स्थानों पर छापा मारा है। इसमें एक महिला आरोपी शोभा को गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपी पकड़ से दूर हैं।
मंगलवार को गांव माधवगढ़ निवासी सुबोध के घर दिल्ली पुलिस वारंट चस्पा करने के लिए पहुंची थी। सुबोध के मौके पर ही मिलने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया। इसी दौरान सुबोध के पिता महाराज, बेटा केशव, पत्नी कविता, बेटी नीशू ने अपने साथियों के साथ पुलिस पर हमला करते हुए आरोपी को छुड़ा लिया। हाथापाई के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी भी फट गई थी।
मामले में दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल हरिकेश कुमार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपी सुबोध, उसके पिता महाराज सिंह, पत्नी कविता, बेटा केशव, बेटी नीशू, शोभा, आरव उर्फ गोलू, कपिल, अंकित, आजाद, सूबे, मनोज उर्फ मोंटी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, गिरफ्तारी में बाधा, लोक सेवक को चोट पहुंचाने, गलत तरीके से बंधक बनाने और शांतिभंग समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई।
सीओ प्रखर पांडेय ने बताया कि मुख्य आरोपी सुबोध की तलाश में दो टीमें गठित की गई हैं। बुधवार को करीब 10 स्थानों पर छापा मारा गया। पूछताछ के लिए गांव के 10 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मोबाइल लोकेशन खंगाल रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।