फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: 39 करोड़ से चौड़ी होंगी दो सड़कें, छह लाख लोगों को मिलेगी राहत

विज्ञापन
शिकारपुर-अनूपशहर संपर्क मार्ग। संवाद
विज्ञापन
बुलंदशहर/शिकारपुर। जिले की दो सड़कों के चौड़ीकरण पर 39 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए शासन ने स्वीकृति दी है। सड़कों के चौड़ीकरण से यहां बसे 20 गांवों के करीब एक लाख से अधिक लोगों को सीधे तौर पर फायदा होगा। जबकि प्रतिवर्ष अहार स्थित सिद्ध बाबा मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले पांच लाख से अधिक श्रद्धालुओं को भी राहत मिलेगी। अधिकारियों ने इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विज्ञापन

जिले में जर्जर सड़कों की मरम्मत और चौड़ीकरण के लिए 20 से अधिक सड़कों पर काम चल रहा है। अब शासन ने शिकारपुर से अनूपशहर रोड और जहांगीराबाद-अहार मार्ग से सिद्ध बाबा मंदिर तक की रोड के चौड़ीकरण के लिए शासन ने मंजूरी दी है। शिकारपुर से अनूपशहर रोड के चौड़ीकरण पर 31.28 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके सापेक्ष शासन ने 10.94 करोड़ रुपये स्वीकृत कर दिए हैं।
सड़क चौड़ी होने से यहां स्थित गांव पहाड़पुर हवेली, मुस्तफाबाद डड़ुआ, जमालपुर, हातमपुर, दरवेशपुर, मामऊ, धामनी, रिवाड़ा, नगला फत्तापुर, भैलई मलकपुर, शाहजहांपुर, बिबियाना समेत 20 से अधिक गांवों के लाखों लोगों को सीधा फायदा होगा। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अधिकारी अब टेंडर प्रक्रिया पूरी करने में लगे हैं। बताया जा रहा है कि अगले माह में इसके लिए कार्य शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

इसके अलावा जहांगीराबाद-अहार मार्ग से महादेव मंदिर होते हुए सिद्ध बाबा मंदिर तक रोड के चौड़ीकरण पर 7.33 करोड़ रुपये खर्च किए जाने के प्रस्ताव को भी शासन ने मंजूरी दी है। इसके लिए शासन ने 3.66 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए हैं। इस रोड के स्वीकृत होने से यहां बसे दस गांवों के लोगों को सीधा फायदा होगा। इन दोनों मार्गों के सुदृढ़ीकरण के लिए बार-बार लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य कराया गया, लेकिन सड़क पर बढ़ते ट्रैफिक और वाहनों की संख्या को देखकर भी लोक निर्माण विभाग ने इनके चौड़ीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार नहीं किया था। जिसके चलते आस-पास के किसानों के साथ अन्य लोगों को भी यहां से गुजरने में परेशानी हो रही थी। अब करीब छह माह पहले तैयार किए गए प्रस्ताव को शासन ने स्वीकृति दी है।

धीमी गति से चल रहा काम, लोग परेशान
नगर के मुख्य बाईपास के चौड़ीकरण और शिकारपुर तिराहे से गांव इमलिया तक किए जा रहे रोड चौड़ीकरण का कार्य धीमी गति से चल रहा है। इसके चलते लोगों को आने-जाने के दौरान परेशानी हो रही है। स्थिति यह है कि मुख्य बाईपास पर रोड चौड़ीकरण की जद में आए बिजली के खंभों को अभी तक नहीं हटाया गया है, जिसके चलते निर्माण कार्य में बाधा आ रही है।

प्रतिवर्ष पांच लाख से अधिक श्रद्धालु करते हैं दर्शन
अहार स्थित सिद्धबाबा मंदिर पर दर्शन के लिए प्रतिवर्ष पांच लाख से अधिक श्रद्धालु आते हैं। रोड के चौड़ीकरण न होने के कारण मंदिर तक पहुंचने के दौरान लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती थी। हालांकि अब शासन ने इस रोड के चौड़ीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत किया है। इन दोनों कार्यों को अगले साल के मध्य तक पूरा किए जाने का लक्ष्य रखा गया है। जिसके चलते यहां आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं झेलनी होगी।



सड़क चौड़ीकरण के दो प्रस्तावों को शासन ने स्वीकृति दी है। इन प्रस्तावों के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। जल्द ही दोनों सड़कों का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। - राहुल शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें