साहिबाबाद। यूपी पुलिस रेडियो संवर्ग की भर्ती में साहिबाबाद पुलिस ने परीक्षा केंद्रों से दो और सॉल्वर गिरफ्तार किए हैं। जीटी रोड के एस्पायरिंग किंग्स इन्फोटेक रामाकृष्णा विहार केंद्र पर अभ्यर्थी संदीप की जगह आए सॉल्वर विवेक कुमार यादव रविवार को परीक्षा देने पहुंचा था। पुलिस का कहना है कि उसने 50 हजार रुपये एडवांस लेने की बात कबूल की है। वहीं, टीम ने सोमवार को ब्राइट स्कूल से अभ्यर्थी मुनेश कुमार की जगह परीक्षा देते उसके सगे भाई दीपक को भी गिरफ्तार किया है। दोनों पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ है।
पुलिस ने बताया कि बायोमैट्रिक टीम ने सूचना दी कि अभ्यर्थी संदीप कुमार का एडमिट कार्ड मैच नहीं हो रहा। पूछताछ में उसने कबूला कि वह फिरोजाबाद के थाना नगला सिही में धीरपुरा का विवेक कुमार यादव है और अभ्यर्थी संदीप कुमार का रिश्तेदार है। संदीप की परीक्षा देने के लिए तीन लाख का सौदा किया था। उसने 50 हजार रुपये एडवांस लिए थे। बाकी रकम परीक्षा देने के बाद देनी थी। उसने हाथरस में एक दुकान से आधार कार्ड पर फोटो एडिट कर ली थी जबकि परीक्षा पत्र पर एडिटिंग भी हाथरस से करवाकर उसे लेमिनेशन करा लिया था।
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह भी बीएससी की पढ़ाई कर चुका है और यूपी पुलिस में भर्ती होना चाहता था। शनिवार को वह एफ्यूचर टेक अलीगढ़ केंद्र पर अपनी परीक्षा में शामिल हुआ था। पुलिस ने उससे फर्जी अभिलेख बरामद किए हैं जिसे दिखाकर उसने प्रवेश किया था।
शक होने पर दबोच लिया
एसीपी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि राजेंद्र नगर के ब्राइट स्कूल में परीक्षा केंद्र पर दीपक कुमार पुत्र धर्मेंद्र सिंह निवासी छोटी बल्लभ थाना गोंडा जिला अलीगढ़ को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में आया कि उसने बड़े भाई मुनेश कुमार के कागज लगाकर यूपी पुलिस भर्ती का फार्म भरा था।उसके कागजात में कमी मिलने पर टीम ने शक के आधार पर दबोच लिया था। कोतवाली में पूछताछ के दौरान उसने घटना कबूल कर ली।
पहले भी पकड़े गए
01 फरवरी: साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में वास इंडिया कम्यूनिकेशन प्राइवेट लिमिटेड परीक्षा केंद्र पर राजीव की जगह अवधेश को परीक्षा देते पकड़ा था।
03 फरवरी: रामा कृष्णा विहार स्थित एस्पायरिंग विंग्स इन्फोटेक परीक्षा केंद्र से टीम ने विवेक पुरी पुत्र कल्याण पुरी निवासी नंगला बीजू, जैथरा एटा को गिरफ्तार किया था। वह अभ्यर्थी कमल सिंह पुत्र नवल सिंह निवासी खरौट, मथुरा के स्थान पर परीक्षा दे रहा था।