एनएच 34 पर लालपुर गांव के पास हुए सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर मौजूद लोग । संवाद
खुर्जा। एनएच-34 पर लालपुर चितौला गांव के पास अनियंत्रित कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई। वहीं आरोपी चालक मौके पर कैंटर छोड़कर भाग गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कैंटर को जब्त कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। हादसे की जानकारी मृतकों के परिजनों को दी गई।
खुर्जा देहात थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि वाजिदपुर गांव निवासी शारिक खां (25) और मुजाहिद (22) हजरतपुर गांव स्थित पॉटरी फैक्टरी में मजदूरी करते थे। बुधवार दोपहर को दोनों बाइक पर सवार होकर पाॅटरी से काम करके अपने घर जा रहे थे। जब वह एनएच-34 पर लालपुर चितौला गांव के पास पहुंचे, तभी सामने से अनियंत्रित कैंटर ने बाइक में टक्कर मार दी।
इसमें दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। तभी टक्कर मारने के बाद कैंटर आगे भागने लगा। राहगीरों ने कुछ दूरी पर उसको रोक लिया। मौका देख आरोपी चालक कैंटर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कैंटर को कब्जे में ले लिया। मृतकों के परिजनों को फोन पर हादसे की जानकारी दी गई।
सीओ खुर्जा विकास प्रताप सिंह का कहना है कि हादसे की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। मामले में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। वहीं मौके से टैंकर को कब्जे में ले लिया गया है, जिसके आधार पर चालक की तलाश की जा रही है।