बीबीनगर थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर में गुलावठी मार्ग पर हापुड़ के थाना कपूरपुर क्षेत्र के गांव सोलाना निवासी हितेश कुमार का एसएस ब्रिक फील्ड के नाम से ईंट भट्ठा है। भट्टे पर जनपद अलीगढ़ के थाना मडराक क्षेत्र के गांव नोहटी निवासी राकेश (50) व स्याना के गांव वैरा फिरोजपुर निवासी राजकुमार (25) मजदूरी करते थे। रविवार को भी दोनों मजदूर अन्य मजदूरों के साथ भट्ठे पर काम कर रहे थे।
ईंटों की निकासी के दौरान दोपहर के समय अचानक एक दीवार गिर गई। जिससे दोनों मजदूर उसके नीचे दब गए। जिन्हें वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने लोगों की सहायता से बाहर निकला। लेकिन, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर बीबीनगर व अगौता थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने दोनों मजदूरों के शव कब्जे में लेकर पंचनामे की प्रक्रिया शुरू कर दी। इसी दौरान मृतकों के परिजनों ने हंगामा करते हुए पोस्टमार्टम न कराने की मांग की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
राजकुमार की पत्नी है गर्भवती
मृतक राजकुमार की पत्नी निक्की का एक ढाई वर्षीय पुत्र चिन्टू है। वह गर्भवती भी है। जबकि, दूसरे मृतक राकेश अविवाहित थे। राकेश के रिश्तेदार भी इसी भट्टे पर काम करते थे। सूचना मिलने पर राकेश के अन्य परिजन अलीगढ़ से बुलंदशहर के लिए रवाना हो गए।
करीब एक घंटे तक दबे रहे दोनों
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए सन्नाटा पसर गया। जैसे ही लोगों को जानकारी हुई कि दीवार के नीचे दो मजदूर दब गए हैं तो उन्होंने तत्काल मलबा हटाना शुरू कर दिया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला जा सका।
मामले की जानकारी मिली है। यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है। गहनता से जांच कराई जाएगी। जो भी आवश्यक कार्रवाई है वह की जाएगी। परिजनों को मदद भी दिलाई जाएगी। - मधुमिता सिंह, एसडीएम स्याना