फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bulandshahar News: दो मकान और एक छत गिरी, वृद्धा और दो मासूम समेत पांच लोग घायल

विज्ञापन
अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव हजरतपुर में गिरा मकान और जमा ग्रामीण। संवाद
विज्ञापन
अहमदगढ़/खुर्जा। जिले में बारिश के बाद भी मकान, छत व दीवार गिरने का सिलसिला जारी है। शनिवार को अलग-अलग स्थानों पर दो मकान और एक छत गिरने से एक वृद्धा, दो मासूम और दो लोग घायल हो गए। मलबे में दबने से दो बकरियों की मौत हो गई, जबकि छह पशु जख्मी हो गए। घायल वृद्धा का अलीगढ़ व अन्य का जिले के अस्पतालों में उपचार चल रहा है। सूचना पर अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया है।
विज्ञापन

अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव हजरतपुर में ग्रामीण श्यौदान सिंह का मकान गिर गया। श्यौदान सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह वह पशुओं को चारा डालकर दूध निकाल रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर गिर गया। मलबे में वह और उनकी पत्नी रीना गंभीर रूप से घायल हो गए। जिस समय मकान गिरा, उस समय परिवार में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों का तांता लग गया और उन्होंने आनन-फानन में घायलों को बाहर निकाला। साथ ही उन्हें शिकारपुर अस्पताल में भर्ती कराया। बताया गया कि मलबे में दबने से दो बकरियों की मौत हो गई, जबकि छह पशु जख्मी हो गए। दूसरी ओर इसी गांव में महिला शिक्षक के मकान की छत भी अचानक गिर गई। जिस समय छत गिरी, उस समय परिवार के लोग घर के बाहर बैठे थे, जिससे किसी को चोट नहीं आई। घटना की सूचना पर पुलिस भी गांव में पहुंच गई। एसडीएम शिकारपुर दीपक कुमार पाल ने गांव पहुंचकर जायजा लिया। साथ ही हल्का लेखपाल को रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।

खुर्जा क्षेत्र के मूंडाखेड़ा गांव में मकान की छत गिरने से वृद्ध महिला और दो मासूम घायल हो गए। गांव निवासी गंगासरन ने बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। कई दिन से हो रही बारिश के चलते उसके मकान की दीवारों में दरार आ रही थी। शनिवार को गंगासरन और उसकी पत्नी घर के बाहर थे। अंदर उसकी मां उर्मिला और दोनों बेटियां राधिका व मानसी मौजूद थीं। तभी अचानक घर की छत भरभराकर गिर गई। मलबे में मां और दोनों बच्चियां दब गईं। कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बाद परिजन घायल वृद्धा व बच्चियों को जटिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां से वृद्धा को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। एसडीएम दुर्गेश सिंह ने बताया कि मकान की छत गिरने पर घायलों को उपचार के लिए सभी मदद की जा रही है। साथ ही मकान में हुए नुकसान की भी जांच की जा रही है। वृद्ध महिला का अलीगढ़ के मेडिकल में उपचार चल रहा है। वहीं दोनों बच्चियां खुर्जा के निजी अस्पताल में भर्ती हैंं।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें