बुजुर्ग की दाढ़ी काटने वाले दो गिरफ्तार, ताबीज का असर न होने से थे नाराज
गाजियाबाद/लोनी। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में बुलंदशहर के बुजुर्ग सूफी अब्दुल समद को बंधक बनाकर यातनाएं देने व दाढ़ी काटने के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके हवाले से बताया कि आरोपी बुजुर्ग के पूर्व परिचित थे। मुख्य आरोपी प्रवेश गुर्जर ने अब्दुल समद से कारोबार में तरक्की के लिए ताबीज बनवाया था। काम धंधा नहीं चला, लेकिन पत्नी का गर्भपात हो गया। इससे नाराज प्रवेश ने जेल 10 साथियों के साथ बदला लेने के लिए पांच जून को बुजुर्ग को बंधक बना दाढ़ी काटी और यातनाएं दीं। बाद में 12 जून को रंगदारी के एक मामले में मुख्य आरोपी प्रवेश जेल चला गया।
सीओ लोनी अतुल कुमार सोनकर ने बताया कि सूफी अब्दुल समद के साथ मारपीट व दाढ़ी काटने के आरोप में बेहटा हाजीपुर निवासी आदिल खान व सरल कुंज कॉलोनी निवासी कल्लू गुर्जर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जांच में आरिफ, आदिल, मुशाहिद, कल्लू, पोली समेत अन्य लोगों के नाम प्रकाश में आए हैं। मुख्य आरोपी प्रवेश गुर्जर रंगदारी मांगने के मामले में जेल में बंद है। पुलिस उसे रिमांड पर लेगी। सीओ के मुताबिक अब्दुल समद ताबीज बनाने का काम करते हैं। काम-धंधा न चलने पर बंथला निवासी प्रवेश गुर्जर ने दोस्त से संपर्क किया, जिसने उसे अब्दुल समद से मिलवाया। अब्दुल समद से प्रवेश को ताबीज बनाकर दिया, लेकिन कुछ दिनों बाद ही उसकी पत्नी का गर्भपात हो गया। जानकार धर्मगुरु से संपर्क करने पर उसने ताबीज का दुष्प्रभाव बताया तो प्रवेश को गुस्सा आ गया और अब्दुल समद से बदला लेने की योजना बनाई।
फोन करके बुलाया, घर लाकर दीं यातनाएं
पुलिस के मुताबिक परेशान प्रवेश ने फंदा लगाकर जान देने की कोशिश भी की थी। इसके बाद प्रवेश ने गत 5 जून को फोन करके अब्दुल समद को बुलाया। प्रवेश का एक दोस्त अब्दुल को बाइक पर बंथला राम विहार कॉलोनी में ले आया। यहां प्रवेश गुर्जर ने अपने करीब 10 साथियों के साथ उनके साथ मारपीट की और दाढ़ी काटकर वीडियो भी बनाई।
किराए के लिए 100 रुपये दिए, मोबाइल भी लौटाया
आरोपियों ने मारपीट से पहले अब्दुल समद का मोबाइल फोन ले लिया था। बाद में लौटा दिया। वापस जाने के लिए किराए के लिए 100 रुपये भी दिए। यहां से वह ऑटो में बैठकर अपने घर के लिए रवाना हुए।
वीडियो एडिट कर सोशल मीडिया पर किया वायरल : सीओ
सीओ लोनी का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को एडिट किया गया है। वीडियो में ऑडियो को बंद किया गया है। वीडियो के कुछ हिस्सों को जोड़ा गया है। पूरी वीडियो को वायरल नहीं किया गया है। सच्चाई सामने न आ सके, इसके लिए वीडियो में से ऑडियो हटा दी गई है। सीओ का कहना है कि आरोपियों के पास पूरी वीडियो है। सभी को गिरफ्तार कर वीडियो के बारे में पुष्टि की जाएगी।
केस में धाराएं बढ़ाईं, वीडियो वायरल करने वाले भी नपेंगे
पुलिस ने पहले मारपीट का साधारण केस दर्ज किया था, लेकिन वीडियो वायरल होने पर धाराएं बढ़ा दी गई हैं। 342, 323, 504, 506 की धारा में दर्ज केस में अब धारा 295 ए, 147, 148, 149 बढ़ा दी गई है। वहीं, सीओ का कहना है कि वीडियो किसने वायरल की है, इसकी जांच की जा रही है। वहीं, आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ वीडियो को शेयर करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने बताया कि किसी भी वीडियो को वायरल करने से पहले उसकी सत्यता को जानना चाहिए।
प्रवेश पर दोस्त ने ही कराया रंगदारी का मुकदमा
आरोपी प्रवेश गुर्जर बीते 12 जून को रंगदारी के मामले में जेल गया है। आरोपी के खिलाफ बेहटा हाजीपुर मौलाना आजाद कॉलोनी में रहने वाले इंतजार ने दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया था। पुलिस के मुताबिक इंतजार प्रवेश का दोस्त है। वहीं, अब्दुल समद ने सात जून को रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि रंगदारी का केस दर्ज कराने का मकसद कुछ और तो नहीं था, इसकी भी जांच की जा रही है।
ओवैसी का ट्वीट : मानवाधिकार आयोग ले एक्शन
बुलंदशहर। लोनी बार्डर थाना क्षेत्र के बेहटा हाजीपुर में अनूपशहर निवासी एक बुजुर्ग की दाढ़ी काटने और यातना देने के मामले में एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने वीडियो पोस्ट करते हुए ट्वीट कर राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ओवैसी ने लिखा कि अब राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग इस प्रकरण में क्या कार्रवाई करेगा।
बुजुर्ग के घर पहुंचा कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल
अनूपशहर। कांग्रेस अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी के निर्देश पर प्रदेश उपाध्यक्ष निजाम मलिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित बुजुर्ग के मोहल्ला मीरा स्थित घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और सहानुभूति जताई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह से पीड़ित के साथ है। शादाब खान, नफीस बलौत, जोहा खान, वतन पंडित, यशवंत वाल्मिीकि, आदि मौजूद रहे। उधर सोमवार को लोनी बॉर्डर पुलिस ने समद को साथ ले जाकर कुछ आरोपियों की शिनाख्त की कोशिश की थी। इसके बाद सोमवार देर रात समद अनूपशहर लौटे और मंगलवार को अलीगढ़ चले गए।