खुर्जा। कोतवाली क्षेत्र में एनएच-34 पर बौरोली कट के पास रविवार सुबह हाईवे पर खड़ी ईको कार में पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ईको कार चालक की मौत हो गई। कार में सवार दो परिवारों के आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर भाग गया।
जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के बुढ़ाना गांव निवासी रिहान ने बताया कि उनकी तीन बहनें अलीगढ़ में रहने वाले उनके मामा के घर गई थीं। रविवार को वह तीनों बहनों को लेकर वापस जहांगीराबाद लौट रहे थे। इसके लिए उन्होंने अलीगढ़ के सूत मिल चौराहे से टैक्सी के रूप में एक ईको कार बुक की थी। उसमें गुलावठी निवासी एक परिवार के तीन सदस्य और अलीगढ़ का एक युवक भी सवार था।
ईको कार अलीगढ़ से बुलंदशहर के भूड़ चौराहे तक जा रही थी। कार में चालक राजकुमार, निवासी किरियावली गांव (जनपद बुलंदशहर), समेत कुल 10 लोग सवार थे। रिहान ने बताया कि एनएच-34 पर शिकारपुर कट के पास कार का टायर पंक्चर हो गया। चालक ने पंक्चर ठीक कराया और दोबारा बुलंदशहर के लिए रवाना हो गया।
करीब 500 मीटर आगे बढ़ने पर कार के पहिये से फिर आवाज आने लगी। इस पर चालक ने कार सड़क किनारे रोक दी और नीचे उतरकर पीछे के टायर की जांच करने लगा। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार आ रहे ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में चालक राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार अन्य यात्री भी घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
हादसे में रिहान के पैर की हड्डी टूट गई, जबकि उनकी बहनें अलीशा, आफरीन और इकरा घायल हो गईं। इसके अलावा गुलावठी के मोहल्ला नन्नू खां निवासी हसीन शबा, उनकी बेटी इकरा, बेटा शौकीन व अलीगढ़ जनपद के क्वार्सी निवासी फरान भी घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चालक राजकुमार को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
कोट :
हादसे में ईको कार चालक की मौत हो गई है, अन्य घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक इस मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
— शोभित कुमार, सीओ खुर्जा