शिकारपुर (बुलंदशहर)। कोतवाली क्षेत्र में मेरठ-बदायूं स्टेट हाईवे पर ट्रक और केैंटर की शनिवार देर शाम आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें कैंटर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे सीओ मधुप कुमार सिंह और पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर कैंटर की बॉडी में फंसे चालक के शव को बाहर निकलवाया और ट्रक चालक को भी उपचार के लिए भेजा है।
शनिवार देर शाम डिबाई की ओर से कैंटर आ रहा था और बुलंदशहर की ओर से ट्रक आ रहा था। जब वह दोनों शिकारपुर नगर क्षेत्र में हाईवे पर पहुंचे तो दोनों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में कैंटर का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जबकि, उसमें सवार चालक 40 वर्षीय राजाकांत निवासी सैया जनपद आगरा की मौत हो गई।
उसकी गर्दन और एक हाथ शरीर से अलग हो गया था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सबसे पहले ट्रक चालक को बाहर निकाल गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जबकि, कैंटर चालक का शव जेसीबी से कैंटर की बाडी हटवाकर निकलवाया गया और फिर शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी गई।
पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सीओ मधुप कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।