डिबाई क्षेत्र में हादसे के दौरान पति-पत्नी की मौत के बाद अस्पताल पर मौजूद परिजन व विधायक। संवाद
डिबाई। कोतवाली क्षेत्र के धर्मपुर मार्ग पर गांव उदयपुर-बरैना के निकट बृहस्पतिवार शाम सरियों से भरी ट्रैक्टर ट्राॅली सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली में सरिए लदे हुए थे। जिनके ऊपर गांव निवासी एक दंपती डिबाई से गांव जाने के लिए बैठे थे। जिनकी सरियों के नीचे दबने से मौत हो गई। हादसे का कारण ट्रैक्टर के ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
धर्मपुर चौकी क्षेत्र के गांव बरैना निवासी बनवारी (55) बृहस्पतिवार को अपनी पत्नी विमलेश (50) और 16 वर्षीय पुत्र आकाश के साथ तहसील किसी काम से आए थे। यहां से काम निपटाने के बाद आकाश ने बाजार में कुछ काम होने की बात कह माता-पिता को गांव जा रहे एक ट्रैक्टर ट्रॉली पर बैठा दिया। ट्रॉली में सरिया लदा हुआ था। वह दोनों भी ट्रॉली में ही सवार हो गए थे। जब ट्रैक्टर गांव के निकट पहुंचा तभी उसके ब्रेक फेल हो गए और जिसके बाद पीछे लगी ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। विधायक सीपी सिंह ने अस्पताल पहुंचकर परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
सड़क किनारे मिला युवक का शव
बीबीनगर। बीबीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि गांव सालाबाद धुमेड़ा निवासी सन्नी (26) बृहस्पतिवार को अपनी दवाई लेने कुचेसर किला बाइक से गया था। लौटते समय युवक सड़क हादसे का शिकार हो गया। युवक का सिर सड़क में लगने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक बाइक पर सवार तीन युवक टक्कर मारकर फरार हो गए। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।