शक में हथौड़े से कर दी पत्नी और दो बेटियों की हत्या
बुलंदशहर/ शिकारपुर। थाना क्षेत्र के गांव माजरा अंबेडकरनगर में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति ने शक के आधार पर अपनी पत्नी और बेटियों पर सोते समय हथौड़े से सिर पर ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी। वारदात में आरोपी की एक बेटी गंभीर रुप से घायल हो गई। जिसे जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हायर मेडिकल सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया है। वहीं, तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचकर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने भी जांच पड़ताल की है।
शिकारपुर देहात के अंबेडकरनगर माजरा निवासी 50 वर्षीय शकीला अपने पति सईद (60 ), तीन बेटियों रजिया (20), शबाना (16), सुल्ताना और पुत्रवधू नसरीन के साथ रहती थीं। वह खेत में श्रमिक का कार्य करती थीं। साथ ही श्रमिकों का ठेका भी लेती थीं। इसके चलते उसका पति उसके चरित्र पर शक किया करता था। वहीं, उसका बड़ा पुत्र दिलशाद गाजियाबाद में एक मीट फैक्टरी में काम करता है। जबकि, दूसरा पुत्र शमशाद भी मजदूरी कर परिवार से अलग दूसरे घर में रहता है। मंगलवार रात को शकीला अपने पति सईद के साथ घर के बाहरी हिस्से वाले कमरे में सोई हुई थी। जबकि, उसकी तीनों पुत्रियां अंदर एक कमरे में सोई थीं। जबकि, पुत्रवधू अपने बच्चों के साथ दूसरे कमरे में अंदर से कुंडी बंद कर सोई थी। बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे अजान होने पर नसरीन उठी तो उसे अपनी ननदों के कमरे से कराहने की आवाज आई। उसने अंदर जाकर देखा तो तीनों ननद लहूलुहान थीं, जिनमें से सुल्ताना कराह रही थी और रजिया व शबाना की मौत हो चुकी थी। जबकि, उसकी सास शकीला अपने कमरे में लहूलुहान हालत में मृत पड़ी हुई थी। मौके से उसका ससुर सईद लापता था। इसके बाद नसरीन की चीख निकल गई और उसने पड़ोस में ही रह रही अपनी ददिया सास संतो व अन्य परिजनों को बुलाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की और तीनों के शव पोस्टमार्टम को भेज दिए। वहीं, गंभीर रुप से घायल सुल्ताना को जिला अस्पताल भेजा गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर मेडिकल सेंटर मेरठ रेफर कर दिया गया है। वारदात के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस आरोपी सईद की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पूर्व में करीब 10-12 वर्ष पहले अपनी पत्नी शकीला की पंजाब में हत्या की कोशिश की थी। हालांकि, अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतका शकीला के पुत्र शमशाद की तहरीर पर आरोपी सईद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर पुलिस का कहना है कि मानसिक अस्थिरता के चलते गांव में लोग हत्यारोपी को सईद मेंटल के नाम से पुकारते हैं।
आरोपी सईद ने अपनी पत्नी और दो बेटियों की हथौड़े से वारकर हत्या की है। जबकि, उसकी एक पुत्री की हालत गंभीर है। बताया जा रहा है कि वह सिरफिरा किस्म का व्यक्ति है। शमशाद की तहरीर पर आरोपी सईद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संतोष कुमार सिंह, एसएसपी