खुर्जा जंक्शन। रोड पर डाकघर के बाहर लगा ट्रांसफार्मर दो दिन बाद भी ठीक नहीं हो सका है। ऐसे में लगभग 200 घरों में विद्युत आपूर्ति ठप रही। लोगों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में ऊर्जा निगम के अधिकारियों को सूचना दी थी। इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। खुर्जा जंक्शन की डाकघर वाली गली निवासी सतेंद्र ने बताया कि कॉलोनी के बाहर लगा 125 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर मंगलवार दोपहर को खराब हो गया था। इससे कॉलोनी में विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में बीते दो दिन से पानी और बिजली की किल्लत बनी हुई है। बिजली नहीं आने के कारण दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। राकेश ने बताया कि सूचना ऊर्जा निगम को दी गई लेकिन बारिश के कारण कर्मचारी ठीक करने नहीं आ सके। जेई कुलदीप का कहना है कि बारिश के कारण ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हो सका था। बृहस्पतिवार को इसको ठीक किया गया। संवाद