नगर के काला आम स्थित अल अजीम होटल पर कार्रवाई करते जीएसटी विभाग के अधिकारी। स्रोत --- विभाग
बुलंदशहर। जीएसटी चोरी के मामले में विभाग की टीम ने नगर के कालाआम स्थित अल अजीम होटल पर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि होटल संचालक को पिछले वित्त वर्ष में 87 लाख रुपये का भुगतान ऑनलाइन प्राप्त हुआ, जबकि दस्तावेज में केवल 42 लाख का टर्नओवर दिखाया गया था। कार्रवाई के बाद संचालक ने 4.35 लाख रुपये का कर और जुर्माना मौके पर ही जमा कर दिया।
होटल संचालकों की ओर से की जा रही जीएसटी चोरी पकड़ने के लिए जीएसटी विभाग की ओर से ऑनलाइन प्राप्त किए जाने वाले भुगतान और दस्तावेज में दिखाए जा रहे टर्नओवर की समीक्षा की जा रही है। समीक्षा के दौरान पाया गया कि कालाआम चौराहे के पास स्थित अल अजीम होटल के बैंक खाते में एक वर्ष के दौरान कुल 87 लाख रुपये का भुगतान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा नकदी में की गई बिक्री अलग थी।
इसके बाद भी होटल संचालक की ओर से दस्तावेज में केवल 42 लाख रुपये का टर्नओवर दर्शाया गया था। इसके चलते शनिवार शाम को जीएसटी विभाग की टीम उपायुक्त जयंत सिंह, राज्य कर अधिकारी बीरेंद्र पांडेय समेत अन्य अधिकारियों के साथ होटल पर पहुंची और जांच की। टीम ने होटल के ऑनलाइन प्राप्त किए गए भुगतान और टर्नओवर संबंधी तीन साल के दस्तावेज कब्जे में लिए हैं।
कई अन्य होटल संचालक भी रडार पर
जीएसटी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नगर क्षेत्र में कई अन्य होटल संचालक ऐसे हैं, जिनके खाते में अधिक धनराशि प्राप्त हुई है, जबकि उन्होंने टर्नओवर कम दर्शाया हुआ है। बताया जा रहा है कि नगर के दिल्ली रोड, स्याना अड्डा रोड, खुर्जा रोड समेत अन्य क्षेत्र में संचालित होटल पर जल्द ही जांच की जाएगी।
अल अजीम होटल पर जांच के दौरान कम टर्नओवर दर्शाने की पुष्टि हुई। संचालक ने मौके पर 4.35 लाख रुपये का कर व जुर्माना जमा किया है। तीन साल के दस्तावेज कब्जे में लिए गए हैं। जल्द ही अन्य होटलों पर भी जांच की जाएगी। - जयंत सिंह, उपायुक्त, जीएसटी