बुलंदशहर। दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से शुक्रवार जिले में बादल गरजेंगे। तेज हवाओं के बीच बारिश व ओलावृष्टि अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार दो एमएम और शनिवार को 9 एमएम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इसके बाद मौसम शुष्क रहेगा और इसके बाद फिर मौसम में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
जिले में पाला, कोहरा व शीतलहर का पिछले दिनों प्रकोप रहा। इससे लोगों को खासी परेशानी हुई वहीं, अब पिछले कई दिन से तापमान में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बृहस्पतिवार की सुबह से ही धूप निकली तो लोगों ने ठंड से राहत पाई। ऐसे मौसम के बीच तापमान में भी बढ़ोतरी हो गई। अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री बढ़कर 21.5 डिग्री और न्यूनतम 1 डिग्री 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया।
आद्रता 75 फीसदी और हवा की गति छह से आठ किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रही। कृषि विज्ञान केंद्र की अध्यक्ष व मौसम वैज्ञानिक डा. रेशु सिंह का कहना है कि मौसम विभाग की ओर से दो दिन तक जारी रहने वाली तेज हवाओं के बीच बारिश व ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
जिला कृषि अधिकारी रामकुमार यादव का कहना है कि यदि तेज हवाओं के बीच बारिश के साथ ओलावृष्टि होती है तो इससे आलू, सरसों व दलहन की फसलों को अधिक नुकसान की संभावना है। तेज हवाओं के बीच बारिश के आसार हैं।