बुलंदशहर। जिले में आज यानी सोमवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर एक से 19 साल तक के बच्चों को पेट के कीड़े मारने के लिए एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जाएगी। इसके लिए जिलेभर के करीब चार हजार स्कूल व 3900 आंगनबाड़ी केंद्रों पर 16 लाख 54 हजार 900 बच्चों को चिह्नित किया गया है। दवा खाने से छूटे हुए बच्चों को 14 अगस्त को मॉपअप राउंड चलाकर दवा खिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार दोहरे ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशिक्षण देने के साथ ही सभी निजी स्कूलों के प्रबंधकों को पत्र लिखकर सहयोग मांगा गया है। नोडल अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मदद से एक से दो वर्ष तक के बच्चों को आधी गोली व दो से पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा दी जाएगी। छह से 19 वर्ष तक के बच्चों को शिक्षक-शिक्षिकाओं के माध्यम से दवा खिलाई जाएगी। यह दवा चबाकर खानी है। टीम दवा अपने सामने खिलाएगी। दवा का उद्देश्य केवल कीड़ों से मुक्ति नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाना हैै। संवाद