बुलंदशहर। छतारी थाना क्षेत्र में गत 22 दिसंबर की सुबह करीब चार बजे पुलिस को ट्रक लूट की सूचना मिली। पुलिस ने मंगलवार को ट्रक मालिक छोटेलाल व उसके एक साथी केशव परमार निवासी गांव थाना बाड़ी जनपद धौलपुर, राजस्थान को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने छिपाया गया ट्रक, उसमें लदे 310 बोरे, 15,400 रुपये व अवैध असलहा बरामद किया है। दोनों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि गत 22 दिसंबर को वादी मुकदमा छोटेलाल ने छतारी थाने पर लूट की सूचना दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि वह गत 19 दिसंबर को मध्यप्रदेश के इटारसी से ट्रक में मक्का लादकर मुरादाबाद जाने के लिए निकले थे।
जब वह छतारी क्षेत्र में पहुंचे तो अज्ञात तीन बाइक सवार बदमाशों ने चाकू के बल पर उनसे ट्रक, नकदी लूट ली और पीड़ित का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो वादी छोटेलाल के बयानों में मतभेद नजर आने लगा।
वारदात के वक्त आरोपी ने गले पर चोट का निशान पुलिस को दिखाया था। जिसे बदमाशों के हमले में लगना पीड़ित ने बताया। जब, पुलिस ने उसका मेडिकल कराया तो चोट करीब दस से 15 घंटे पुरानी मिली।
इसके अलावा छोटेलाल की शर्ट और जैकेट पर जो कट था वह भी ब्लेड से मारा गया प्रतीत हुआ था। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जिस पर उसने बताया कि उसने करीब छह माह पूर्व यह ट्रक लोन पर खरीदा था। वह खुद ही ट्रक चलाकर अपना व परिवार का भरण पोषण करता था।
करीब तीन माह से वह लोन की किस्त नहीं भर पा रहा था। इसलिए उसने फर्जी लूट की कहानी बना डाली। उसने बताया कि ट्रक लूट मामले में उसे कंपनी से क्लेम भी मिल जाता और किस्त भी नहीं भरनी पड़ती। साथ ही वह ट्रक को कटवाता देता और उसमें लदे माल को भी बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना स्थल से कुछ किलोमीटर दूर ट्रक को गांव नारयाणपुर के निकट सड़क किनारे खड़ा कर दिया था।
आरोपियों ने ट्रक को छिपाने के लिए एक आगे खड़े दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और एक खराब ट्रक के बीच खड़ा कर दिया था। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर माल समेत ट्रक को बरामद किया।