बुलंदशहर। हरिद्वार से कांवड़ लेने गए जनपद के अलग-अलग स्थानों के चार शिवभक्तों की मौत हो गई। तीन शिवभक्तों की बिजनौर और एक की मेरठ के दौराला में तबियत बिगड़ गई। इलाज के दाैरान तीनों ने दम तोड़ दिया।
बुगरासी चौकी क्षेत्र के गांव बनभौरा निवासी 53 वर्षीय ओमप्रकाश चौहान का बुगरासी-स्याना रोड पर हाजीपुर में ईंट भट्टा और इंडियन पेट्रोल पंप है। ओमप्रकाश चौहान पिछले दो दशक से गांव के शिवभक्तों के साथ हरिद्वार से कांवड़ ला रहे थे। इस बार भी वह अन्य शिवभक्तों के साथ हरिद्वार से जल ला रहे थे। ग्राम प्रधान बिजेंद्र सिंह ने बताया कि जत्थे में आ रहे ओमप्रकाश चौहान की बिजनौर के पास अचानक तबियत खराब हो गई। उन्हें तुरंत चिकित्सक को दिखाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर ले जाया जा रहा था। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन व अन्य ग्रामीण बिजनौर को रवाना हो गए।
यावापुर के शिवभक्त की चांदपुर में गई जान
डिबाई क्षेत्र के गांव यावापुर निवासी शिवभक्त गोल्डी शर्मा की मंगलवार दोपहर जिला बिजनौर के चांदपुर में तबियत खराब हो जाने से मौत हो गई। वह हरिद्वार से कांवड़ लेकर आ रहे थे। गोल्डी शर्मा एक ट्रैक्टर एजेंसी पर सेल्समैन थे। उनके मित्र विनय शर्मा व सतीश सिंह ने बताया कि गांव यावापुर व गांव दयोरऊ के 11 युवक रविवार को हरिद्वार के लिए कांवड़ लेने निकले थे। सभी लोग बिजनौर के चांदपुर में मंगलवार दोपहर पहुंचे थे। भीषण गर्मी के चलते गोल्डी की तबियत खराब हुई तो साथी युवक उपचार के लिए एक चिकित्सक के यहां लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
साठा के आदित्य की दौराला में हुई मौत
नगर के मोहल्ला साठा निवासी 32 वर्षीय शिवम शर्मा अपने भाई रोहित शर्मा व अन्य के साथ बीते दिनों कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गए थे। जहां से जल उठाने के बाद वह बुलंदशहर के लिए निकले। रोहित ने बताया कि वह और उनके भाई साथ में ही चल रहे थे। जब मेरठ के दौराला क्षेत्र में पहुंचे तो भाई शिवम को अचानक चक्कर आने लगे। उन्हें एंबुलेंस से दौराला स्थित सीएचसी ले जाया गया। वहां से चिकित्सकों ने हायर मेडिकल सेंटर मेरठ रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।