गंगेरूवा में अनधिकृत कालोनी ध्वस्त करता प्राधिकरण का बुलडोजर। स्रोत : प्राधिकरण
बुलंदशहर। बुलंदशहर-खुर्जा विकास प्राधिकरण ने बुधवार को अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। प्राधिकरण के सचल प्रवर्तन दल ने जोन-तीन क्षेत्र में करीब 17.5 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करा दिया। तीनों कॉलोनियां बिना मानचित्र स्वीकृत कराए विकसित की जा रही थीं।
प्राधिकरण सचिव वान्या सिंह ने बताया कि बुधवार को बुलंदशहर क्षेत्र के जोन-तीन में सचल प्रवर्तन दल को ध्वस्तीकरण अभियान के लिए भेजा गया। टीम ने गंगेरूवा में नौसेना रोड स्थित डीपीएस स्कूल के पीछे मोहम्मद जाहिद की ओर से करीब छह बीघा भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी को चिह्नित किया।
इसके अलावा गंगेरूवा में सोनू उर्फ जुगेन्द्र की ओर से करीब 3.5 बीघा और गांव जालखेड़ा में रविंद्र प्रजापति की ओर से करीब आठ बीघा भूमि पर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। जांच में तीनों कॉलोनियों के मानचित्र स्वीकृत नहीं पाए गए। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने कालोनी में अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया। प्राधिकरण उपाध्यक्ष डॉ. अपराजिता सिंह सिनसिनवार ने लोगों से अपील है कि किसी भी अनधिकृत कॉलोनी में प्लॉट न खरीदें और बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य न करें। संवाद