गुलावठी में घुड़चढ़ी के दौरान तीन डीजों को थाने ले जाते हुए पुलिस। स्रोतः जागरूक पाठक
गुलावठी। तेज आवाज में तीन डीजे के साथ हो रही घुड़चढ़ी को पुलिस ने रुकवा दिया। साथ ही डीजे की तीनों गाड़ियों को थाने में बंद कर दिया। इसके चलते कई घंटे तक घुड़चढ़ी रुकी रही। बरातियों की अपील पर पुलिस ने एक डीजे को छोड़ा। इसके बाद घुड़चढ़ी की रस्म पूरी हुई। पुलिस ने डीजे संचालकों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
कस्बा निवासी युवक की बृहस्पतिवार की सुबह करीब दस बजे घुड़चढ़ी हो रही थी। तीन डीजे के साथ हो रही घुड़चढ़ी में आसपास के लोग और रिश्तेदार शामिल थे। जब घुड़चढ़ी थाने के सामने पहुंची तो पुलिस ने तेज आवाज में बज रहे तीनों डीजे को बंद करा दिया।
मौके पर बड़ी संख्या में लोग और दूल्हे के रिश्तेदार एकत्रित हो गए, इसके बाद पुलिस ने डीजे की एक गाड़ी को छोड़ा। सीओ पूर्णिमा सिंह ने बताया कि तेज आवाज में और नियम विरुद्ध तरीके से डीजे बजाया जा रहा था। एक डीजे को धीमी आवाज में बजाते हुए कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।