बुलंदशहर। बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की सचल प्रवर्तन दल टीम ने अनाधिकृत कालोनी पर बुलडोजर चलवा दिया। बुधवार को सचल प्रवर्तन दल टीम ने जोन-जहांगीराबाद क्षेत्र में विकसित की जा रही तीन अनाधिकृत कालोनी को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। टीम ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए बन रहे पेट्रोल पंप पर भी सील लगा दी।
प्राधिकरण के सक्षम अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि बुधवार को जोन-जहांगीराबाद में सचल प्रवर्तन दल टीम के निरीक्षण में अहार रोड पर गोपाल 10 बीघा भूमि पर, विजय 15 बीघा भूमि पर व रूप किशोर चार बीघा भूमि को विकसित करने के लिए अनाधिकृत कालोनी बनाकर प्लाटिंग कर रहे थे। तीनों जगह कालोनी पर बुलडोजर चलवा ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। साथ ही जहांगीराबाद रोड पर ओम प्रकाश के निर्माणाधीन पेट्रोल पंप की स्वीकृति बिना कार्य कराने पर सील करने की कार्रवाई की। ध्वस्तीकरण और सीलिंग के दौरान बीडीए सचल प्रवर्तन दल, नामित पुलिस बल, जिला प्रशासन व बीडीए के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और अन्य सहायक स्टॉफ मौजूद रहा।
तीन अनाधिकृत कालोनियों को ध्वस्त और निर्माणाधीन एक पेट्रोल पंप को साल करने की कार्रवाई की गई है। लोगों से अपील है अनाधिकृत कालोनी में प्लॉट या फ्लैट खरीदने से पूर्व उसकी जांच जरूर करें कि वह अनाधिकृत कालोनी में तो नहीं है। - डॉ. अंकुर लाठर, बीडीए उपाध्यक्ष।