मुठभेड़ में तेल चोर गैंग के तीन बदमाश गिरफ्तार, दो फरार
सिकंदराबाद। पुलिस ने रविवार रात हाईवे किनारे ढाबों पर खड़े वाहनों से तेल चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जबकि उनके दो साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गए। आरोपियों से एक कार, डीसीएम, तेल चोरी करने के उपकरण, चोरी किया गया तेल और अवैध असलहा बरामद किया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
कोतवाल जयकरण सिंह ने बताया कि रविवार रात जोखाबाद चौकी प्रभारी परवेज चौधरी पुलिस टीम के साथ गुर्जर चौक पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दादरी की ओर से आ रही एक कार को रुकने का इशारा किया। इस पर कार सवार बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। हाईवे-91 पर सुखलालपुर चौराहे पर पहुंचते ही टायर फट जाने के कारण बदमाशों की गाड़ी रुक गई। कार सवार सभी बदमाश जंगल की तरफ भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन बदमाशों को पकड़ लिया। जबकि उनके दो साथी पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग गए। पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम ग्राम देहरा थाना धौलाना जनपद हापुड़ निवासी पप्पू, अनवार और कामिल बताया। फरार साथियों के नाम जानू उर्फ जान मोहम्मद निवासी ग्राम देहरा थाना धौलाना जनपद हापुड़ और इमरान निवासी ग्राम पीपलेडा थाना मसूरी गाजियाबाद बताया। आरोपियों ने बताया कि वह हाईवे पर होटल, ढाबों के बाहर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करते हैं। कोतवाल ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। बरामद सामान को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से एक कार, डीसीएम, तेल चोरी करने के उपकरण पाइप, ड्रम, केन और चोरी किया गया पचास लीटर डीजल, तमंचा, खोखा और एक कारतूस बरामद किया गया है।
खड़े वाहनों के बराबर में अपना वाहन लगा करते थे चोरी
आरोपियों ने बताया कि वह हाईवे किनारे ढाबों के बाहर खड़े ट्रक आदि के बराबर में अपने वाहन डीसीएम या कार को खड़ा कर देते थे। ट्रक की टंकी में पाइप डालकर डीजल चोरी कर लेते थे। चोरी किए डीजल को वह डीसीएम में रखे ड्रम में भर लेते थे।
पुलिस को चकमा देने के लिए बदलते रहते थे नंबर प्लेट
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के चोर हैं। पुलिस को चकमा देने के लिए वह कार की नंबर प्लेट बदलते रहते थे। नंबर प्लेट के आधार पर जब एप के माध्यम से चेक किया गया तो उक्त नंबर किसी होंडा सिटी कार का निकला।