बुलंदशहर/औरंगाबाद। लंपी बीमारी से तीन पशुओं की मौत हो गई। नगर के अंबा काॅलोनी में एक पुंगनूर गाय की और औरंगाबाद क्षेत्र के गांव राजगढ़ी में दो पशुओं की मौत हुई है। इसी गांव में 12 से अधिक पशु बीमार है। विभाग का दावा है कि लंपी बीमारी से बचाव के लिए वैक्सीन उपलब्ध है और लगातार निगरानी की जा रही है।
गांव राजगढ़ी निवासी उम्मेद गुर्जर के एक पशु की शुक्रवार को और दूसरे पशु की शनिवार की सुबह मौत हो गई। उम्मेद गुर्जर के अनुसार पशु लंपी बीमारी लग गई थी। उम्मेद ने दोनों पशुओं को एक माह पहले ही खरीदा था गांव में अभी भी संजीव, सतवीर, जितेंद्र, पप्पू व चमन के 12 से अधिक पशु इस बीमारी की चपेट में है। पशुओं की मौत के बाद से ग्रामीण सहमे हुए हैं। दूसरी ओर नगर के अंबा कालोनी निवासी एसके गुप्ता ने बताया कि उनके पास दो पुंगनूर गाय थी।
इनमें से गाय पिछले दिनों लंपी की चपेट में आ गई, जिसने शनिवार को दम तोड़ दिया। इसकी जानकारी पशुपालन विभाग को दे दी है। लखावटी पशु चिकित्सक डा. मोहन चाहर का कहना है कि पशुओं में बीमारी से बचाव के लिए क्षेत्र में टीकाकरण कराया जा रहा है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाॅ.. अनिल कुमार शर्मा का कहना है कि लंपी बीमारी से गोवंश के उपचार के लिए वैक्सीन उपलब्ध है। बीमारी पर निजात पाने के लिए लगातार निगाह रखी जा रही है। साथ ही पशु पालकों को जागरूक करने के साथ बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर पशु चिकित्सकों को अवगत कराने का आह्वान किया गया है।