छतारी के कमौना गांव में तालाब के अंदर तैरते मगरमच्छ के वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट। स्रोत- वीडिय
छतारी। क्षेत्र के गांव रिसालू और कमौना में मगरमच्छ दिखने पर दहशत का माहौल है। वहीं ग्रामीण तालाब की ओर जाने से बच रहे हैं। वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ के लिए तलाश शुरू कर दी है। कमौना गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
रिसालू गांव निवासी संदीप चौहान ने बताया कि शुक्रवार को गांव में रहने वाले राकेश काली नदी के किनारे अपनी बकरी को चरा रहे थे। वहीं नदी के पास ही छोटा तालाब है, जहां पर पशु पानी पीने के लिए जाते हैं। वहां पर राकेश की एक बकरी पानी पीने गई थी। राकेश वहीं पास में जाकर बैठ गए। दूर से देखा कि बकरी आगे नहीं बढ़ पा रही। उनको लगा बकरी कीचड़ में फंस गई है।
इसके बाद जब वह बकरी को पानी से बाहर की ओर से खींचने लगे तो मगरमच्छ का जबड़ा बाहर आ गया, जिसमें बकरी के पैर फंसे हुए थे। इसके बाद राकेश बकरी छोड़कर वहां से गांव की ओर भाग आए। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली है तब से वह लोग नदी की ओर नहीं जा रहे हैं और वन विभाग को भी सूचना दी है।
इसके अलावा गांव कमौना के तालाब में भी रविवार को मगरमच्छ दिखने की बात सामने आई है। इसके बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन दारोगा विरेंद्र ने बताया कि सूचना मिली है। इसमें टीम को भेजकर जांच कराई जा रही है।