नगर से एक ही रात में चार ट्रांसफार्मर संदिग्ध तरीके से चोरी कर लिए गए। जिससे 500 से ज्यादा घर-दुकानों की बिजली गुल हो गई। डीएम रोड से दो, यमुनापुरम से एक और विजिलेंस दफ्तर के सामने से एक ट्रांसफार्मर चुरा लिया गया।
चोरी में बिजलीकर्मियों की मिलीभगत खुलकर सामने आ रही है। नगर के सबसे प्रमुख डीएम रोड बिजलीघर के क्षेत्र मऊखेड़ा और ज्ञानलोक कालोनी से 250-250 केवीए के ट्रांसफार्मर चोरी हो गए।
चोर इमरजेंसी रोस्टिंग होते ही ट्रांसफार्मर के कवर को छोड़कर अंदर का पूरा सामान लेकर फुर्र हो गए। इसके अलावा यमुनापुरम बिजलीघर क्षेत्र के कमला नगर कालोनी से 400 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया गया।
यहां भी ट्रांसफार्मर उस समय चोरी किया गया, जब बिजलीघर से रोस्टरिंग की गई। इसके अलावा वलीपुरा बिजलीघर और विजिलेंस दफ्तर के सामने से भी 250 केवीए का ट्रांसफार्मर चोरी हो गया।
चार स्थानों से एक ही रात में ट्रांसफार्मर चोरी होने में कारपोरेशन अफसर बिजली कर्मियों की मिलीभगत मान रहे हैं। ट्रांसफार्मर चोरी होने से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
सैलरी नहीं तो बिजली नहीं
वेतन न मिलने से तंग संविदाकर्मियों ने 28 फरवरी तक भुगतान नहीं होने पर पूरे शहर की बिजली ठप करने की चेतावनी दी है। मंगलवार को बिजली एंपलाइज यूनियन की बैठक राजेबाबू पार्क में हुई।
यूनियन के सचिव सुरेंद्र सिंह, नीरज गुप्ता, राजू सक्सेना, बलवीर सिंह, अजय कुमार, हरेंद्र सिंह मौजूद रहे। अधीक्षण अभियंता राकेश कुशवाहा ने बताया कि जल्द से जल्द संविदाकर्मियों को भुगतान करा दिया जाएगा। ठेकेदारों को नोटिस दिए गए हैं।
चार ट्रांसफार्मर चोरी होना और चोरी के वक्त रोस्टरिंग होना संदेहास्पद है। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है कि आखिर बिजलीघर से रोस्टरिंग करने का कारण क्या रहा। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। - डीसी शर्मा, एक्सईएन बुलंदशहर