शिकारपुर में भटोला रोड़ स्थित पातालेश्वर शिव मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम देता चोरस्रोत-स
शिकारपुर। कोतवाली क्षेत्र के भटोला रोड स्थित प्रसिद्ध पातालेश्वर शिव मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने एक दानपात्र को तोड़कर उसकी पूरी नकदी चोरी कर ली। शिवलिंग के समीप रखा दूसरा दानपात्र अपने साथ ले गया। बुधवार सुबह जब श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ।
मंदिर के मुख्य पुजारी सनी गिरी ने बताया कि बुधवार रात घुसे चोरों ने पहले मुख्य गेट के पास लगे दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी पार की। इसके बाद शिवलिंग के पास रखे दूसरे दानपात्र को साबुत ही उठाकर भाग गए। चोरी की घटना से ग्रामीणों में रोष है। वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज की जांच में सामने आया है कि वारदात को अंजाम देने वाला चोर पूरी तैयारी से आया था।
उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर नकाब और उंगलियों के निशान न छूटे इसलिए हाथों में दस्ताने पहन रखे थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फुटेज को कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने तथा फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त कर जल्द गिरफ्तारी और चोरी गई रकम बरामद करने की मांग की है। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन का कहना है कि फुटेज के आधार पर सुराग जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।