संवाद न्यूज एजेंसी
ककोड़। मनी ट्रांसफर केंद्र पर नकली नोट जमा कराने के लिए आए युवक को शक होने पर केंद्र संचालक ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के कस्बा झाझर में राष्ट्रीयकृत बैंक के पास स्थित मनी ट्रांसफर केंद्र के संचालक ने बताया कि मंगलवार की शाम दो युवक उसके पास पहुंचे और अपने खाते में रुपये जमा कराने के लिए कहा। उक्त युवकों ने उसे पांच सौ के नोट दिए। जब वह नोटों को गिन रहा था तो पांच सौ के 14 नोट एक ही सीरियल के निकले। नोटों के नकली होने का संदेह होने पर उसने नोट जमा कराने आए युवकों को बैठने के लिए कहा। पकड़े जाने का आभास होने पर दोनों युवक फरार होने लगे। उसने आसपास के लोगों की मदद से भाग रहे एक युवक को दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया। निरीक्षक रामवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।