पंचायत चुनाव के अंतिम चरण के चुनाव के लिए मंगलवार को पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना होंगी। इस आखिरी चरण में 865 बूथों पर 5.57 लाख मतदाता वोट करेंगे।
नौ दिसंबर को पंचायत चुनाव के अंतिम चरण का मतदान अनूपशहर, जहांगीराबाद, डिबाई और दानपुर ब्लॉक में चुनाव होगा।
इस चरण में 257 प्रधान पद पर 1924 और ग्राम पंचायत सदस्य के 1071 पदों पर 3291 प्रत्याशी मैदान में हैं। निर्वाचन आयोग ने 257 गांवों में 865 मतदाता बूथों का गठन किया है।
मंगलवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। बता दें कि अनूपशहर में 136070, जहांगीराबाद में 120150, डिबाई में 133981 और दानपुर में 137753 मतदाता वोटिंग करेंगे।
अंतिम चरण में कुल मिलाकर 5.27 लाख मतदाता वोट डालेंगे। पुलिस ने अंतिम चरण में 16 संवदेनशील, 19 अति संवेदनशील और 08 अति संवेदनशील प्लस बूथ चिंहित किए हैं।
वहीं, सोमवार को डिप्टी निर्वाचन अधिकारी आरके सिंह ने डिबाई क्षेत्र से संवेदनशील बूथों का निरीक्षण किया।
2220 पदों पर नहीं होंगे चुनाव
चौथे चरण मेें 2220 वार्डों में चुनाव नहीं होगा। 659 वार्डों में कोई उम्मीदवार नहीं है। 1651 वार्डों में निर्विरोध सदस्यों को चुन लिया गया है। मात्र 1071 वार्डों में वोट पड़ेंगे।
चौथे चरण का चुनाव प्रचार बंद
चौथे चरण का चुनाव प्रचार सोमवार को बंद हो गया। प्रत्याशी अब डोर टू डोर संपर्क कर रहे हैं। चौथे चरण में नौ दिसंबर को जहांगीराबाद, अनपूशहर, डिबाई और दानपुर ब्लाकों में प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्य पदों के लिए वोट डाले जाएंगे।
आखिरी दिन प्रत्याशियों ने प्रचार में जमकर ताकत झोंकी। मतदाताओं को तरह-तरह के वादे, आश्वासन का सिलसिला खूब चला। शाम के बाद घर-घर पहुंचकर प्रत्याशियों ने वोट के लिए गुहार लगाई।
प्रत्याशियों के अलावा प्रशासन भी चुनाव तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गया है। मतदान कराने के लिए मंगलवार को विकासखंड कार्यालयों से पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना की जाएंगी । इसे लेकर ब्लाकों पर सोमवार को तैयारियां की गई।
अधिग्रहीत किए गए वाहनों के पहुंचने का सिलसिला रात तक बना रहा। जबकि पार्टियों के चुनाव संबंधित सामग्री के वितरण के लिए व्यवस्थाएं की जाती रहीं। उधर दिन भर पुलिस प्रशासन की बैठकों का दौर चलता रहा।
चुनावी ड्यूटी का भुगतान नहीं
प्रधानी चुनाव में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी फोेटोग्राफी और वीडियोग्राफी में लगाई गई थी, मगर इसका भुगतान नहीं किया गया।
सोमवार को सफाईकर्मियों ने डीएम से ड्यूटी के भुगतान की मांग की। सुनील कुमार, मुकेश कुमार, कुलदीप कुमार, शील कुमार आदि ने बताया कि पंचायती राज विभाग ने सफाईकर्मियों की डयूटी अति संवेदनशील ग्रामों में फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के लिए लगाई गई थी।