बुलंदशहर। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव वलीपुरा में चोरों ने एक बंद मकान का ताला काटकर लोहे की कटिंग और लोहा काटने की मशीन चोरी कर ली। सुबह जब घरवालों की नींद खुली तो आरोपी चोर घर में ही छिपा मिला। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। बाद में पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज आरोपी को जेल भेज दिया।
कोतवाली देहात के गांव वलीपुरा निवासी अमित कुमार सिंह ने बताया कि वह 7 दिसंबर 2023 की रात खुर्जा रोड स्थित आजाद पब्लिक स्कूल के पास अपने नये मकान में सोने गया था। जैसे ही वह मकान पर पहुंचा तो दो अनजान युवक उसे देखकर भाग गए। उनके हाथ में सीमेंट लगा था। जब पीड़ित ने ताला खोलना चाहा तो ताला कटा हुआ था। टॉर्च की रोशनी में देखा तो दरवाजे के ऊपर का शीशा भी टूटा हुआ था। फोन कर उसने अपने भाई और साले को बुला लिया। घर के अंदर देखा तो बिस्तर इधर-उधर पड़े थे, घर से लोहे के सरिये की कटिंग और लोहा काटने की मशीन गायब थी। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की सूचना दी। साथ ही घर में तलाशी की तो एक आरोपी घर के अंदर छिपा हुआ मिला। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान कर दिया है। एसपी सिटी सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी चोर के अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।