अनूपशहर। अवैध खनन पर शिकंजा कसने के लिए देर रात प्रशासनिक और पुलिस टीम ने संयुक्त छापेमारी की। इस दौरान ताजी खुदी हुई मिट्टी से भरे एक डंपर को पकड़कर पुलिस को सौंपा गया। एसडीएम अरुण कुमार वर्मा और सीओ भरत सोनकर ने बताया कि अवैध खनन की सूचना मिली थी। शुक्रवार की रात क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। कर्णवास मोड़ पर डिबाई की ओर से आ रहे एक डंपर को रोका गया। डंपर में ताजी खुदी हुई मिट्टी भरी हुई थी। पूछताछ में चालक ने अपना नाम राहुल निवासी अनूपशहर बताया। वह मिट्टी के परिवहन या वाहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। डंपर को मौके से कब्जे में लेकर पुलिस की सुपुर्दगी में दे दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।