बुलंदशहर। थाना सलेमपुर क्षेत्र में सोमवार रात एक फाइनेंस एजेंट की ओर से अपने साथ लूट की घटना की झूठी सूचना देने का मामला सामने आया है। भारत फाइनेंस कंपनी में कार्यरत एजेंट शादाब ने दो अज्ञात बाइक सवारों पर 55,000 रुपये लूटने और मोबाइल-टैबलेट तोड़ने की बात कही थी। पुलिस की जांच में मामला झूठा निकला। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और पीड़ित के विरोधाभासी बयानों के आधार पर सच्चाई सामने आई।
एसपी देहात डा. तेजवीर सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात शादाब निवासी विष्णुपुरम कोतवाली देहात मूल निवासी कानपुर ने सूचना दी कि वह भारत फाइनेंस में काम करता है। सोमवार देर शाम वह कलेक्शन कर लौट रहा था। तभी उसके साथ हथियार बंद बदमाशों ने मारपीट की लूट की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झूठी सूचना देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।