बुलंदशहर। कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला महिला चिकित्सालय में पीएम केयर फंड से लगे ऑक्सीजन प्लांट का एक कंप्रेसर सितंबर माह में फट गया। जिसे सही कराने को कंपनी को पत्र भेजा गया लेकिन अभी तक कंपनी ने कंप्रेशर सही नहीं कराया है। ऐसे में दूसरे कंप्रेशर को बंद कर-करके चलाना पड़ रहा है। अगर दूसरा खराब हो गया तो गर्भवती व नवजात को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ने पर परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
कोरोना काल की दूसरी लहर में ऑक्सीजन की जरूरत पड़ने पर जिला महिला चिकित्सालय में पीएम केयर फंड से 500 एलपीएम क्षमता का ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया। ऑक्सीजन प्लांट लगने के बाद चिकित्सालय के प्रत्येक बेड पर ऑक्सीजन पहुंचने से नवजात और गर्भवती महिलाओं को राहत मिली।
सितंबर माह में कल्याण सिंह राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य के निरीक्षण के दौरान प्लांट का निरीक्षण करने पर एक कंप्रेशर चालू न होने पर जांच की तो वह खराब निकला। विभागीय अफसरों के अनुसार कंप्रेशर का पाइप गर्म होकर फट गया। इसके बाद तत्काल कंप्रेशर को सही करवाने के लिए कंपनी को अवगत करा पत्र भेजा गया।
Iऑक्सीजन प्लांट का एक कंप्रेशर खराब होने पर लगातार प्लांट का संचालन नहीं हो पा रहा है। कई बार कंपनी के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। - डॉ. अजय पटेल, सीएमएस जिला महिला चिकित्सालयI