बुलंदशहर। थाना खुर्जा देहात के गांव शहबाजपुर भाल सेे 25 अगस्त 2026 को संदिग्ध हालात में लापता हुई विवाहिता पिंकी (30) की गांव निवासी उसके शादीशुदा प्रेमी ने अपने साढ़ू के साथ मिलकर गला दबाकर हत्या की थी। पुलिस ने आरोपी साढ़ू राजेश को गिरफ्तार करते हुए शुक्रवार को घटना का खुलासा कर दिया।
वहीं, आरोपी की निशानदेही पर खेत में दबाए गए पिंकी के शव को भी पुलिस ने बरामद कर लिया। पति राजकुमार और पिंकी के मायके के लोगों ने कपड़ों, चूड़ी के आधार पर पिंकी शिनाख्त की। अलीगढ़ पुलिस ने मृतका का पोस्टमार्टम कराया।
एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया थाना खुर्जा देहात के गांव शहबाजपुर भाल निवासी राजकुमार ने 25 अगस्त को तहरीर में बताया था कि उनकी पत्नी पिंकी बिना बताए घर से कहीं चली गई है।
राजकुमार की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। वहीं, ग्राम रामपुर थाना रामघाट निवासी पिंकी के भाई अशोक ने 29 अगस्त को तहरीर दी।
उसमें पति पर उनकी बहन के साथ मारपीट करते हुए घर से निकालने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना को लेकर पुलिस ने पति और मायके लोगों से अलग-अलग पूछताछ की मगर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
कॉल डिटेल से खुला राज : एसपी ग्रामीण ने बताया कि पिंकी के पति से जब दोबारा पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पिंकी गांव के ही युवक से फोन पर बात करती थी। पिंकी की सीडीआर की जांच में प्रकाश में आया कि वह गांव निवासी रिंकू से बात करती थी। रिंकू की सीडीआर की जांच करने पर प्रकाश में आया कि पिंकी के लापता होने से पहले एक नंबर पर रिंकू की लगातार बात हुई थी।
रिंकू से बात करने वाले नंबर की जांच की गई तो वह ग्राम रामपुर लधउवा जनपद अलीगढ़ निवासी उसके साढ़ू राजेश का निकला। संदेह के आधार पर राजेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में राजेश ने बताया कि रिंकू और पिंकी का करीब डेढ़ वर्ष से प्रेम प्रसंग था। 25 अगस्त को अकराबाद निवासी अपने दोस्त प्रशांत के माध्यम से उन्होंने पिंकी को बुलवाया। वह पिंकी को बाइक पर बैठाकर 25 अगस्त में गांव रामपुर लधउवा में उसकी ट्यूबवेल पर पहुंचा। दो दिन पिंकी रिंकू के साथ ट्यूबवेल पर रही। 27 अगस्त को रिंकू ने उसे पिंकी के घर छोड़कर आने के लिए कहा।
पिंकी ने पति के पास जाने से इन्कार कर दिया। उसको लेकर पिंकी और रिंकू में विवाद हो गया। इसके बाद राजेश और रिंकू ने पिंकी का गला दबाकर उसकी हत्या कर दी और शव को अपने खेत में ही ट्यूबवेल के पास दबा दिया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि प्रशांत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही है।
हत्यारोपी रिंकू मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस ने पिंकी के हत्यारोपी प्रेमी रिंकू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि रिंकू की गिरफ्तारी के लिए लगी पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात में गांव शहबाजपुर क्योलीकलां के पास घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में रिंकू पैर में गोली लगी। घायल रिंकू को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। आरोपी से तमंचा, दो कारतूस व खोखा बरामद किया गया। एसपी ग्रामीण अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी राजेश ने साढू रिंकू के साथ मिलकर पिंकी हत्या किया जाना स्वीकार किया है।
बुलंदशहर पिंकी का हत्यारोपी राजेश। पुलिस