गाजियाबाद। दशहरा के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। सोमवार को गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने संयुक्त रूप से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वायड) भी मौजूद रहा, जिसने सुरक्षा बलों के साथ मिलकर स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।
जीआरपी के पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिसोदिया ने बताया कि इस अभियान के तहत सुरक्षा टीमों ने सभी प्लेटफॉर्मों, प्रतीक्षालयों, सर्कुलेटिंग एरिया और पार्सल घर का बारीकी से निरीक्षण किया। जवानों ने संदिग्ध वस्तुओं, लावारिस बैगों और संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों की गहनता से जांच की। दशहरा के अवसर पर बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों के जरिये अपने गंतव्य को रवाना होते हैं। स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने के लिए जवानों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से निपटा जा सके और यात्रियों का सफर सुरक्षित रहे।