जिले की तीन नगर पालिकाओें के चुनाव की तस्वीर विधानसभा चुनाव के बाद ही साफ हो पाएगी। तीनों नगर पालिकाओं में चुनाव कब होगा अब नई सरकार तय करेगी।बुलंदशहर, सिकंदराबाद और खुर्जा नगर सीमा क्षेत्र का सीमा विस्तार प्रस्तावित है। तीनों निकाय क्षेत्रों में वार्डों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।
जिला प्रशासन तीनों नगर पालिकाओं के क्षेत्र के विस्तार के लिए रिपोर्ट पहले ही शासन को भेजी जा चुका है। अब विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लागू है, ऐसे में नई सरकार के गठन के बाद ही निकाय चुनाव की तस्वीर साफ हो पाएगी। यदि विधानसभा चुनाव के बाद सपा की सरकार बनती है तो सीमा विस्तार तय है, लेकिन सरकार बदलने पर फैसला लटक सकता है।
सिकंदराबाद के सीमा विस्तार पर लगी मुहर
एक बड़े अफसर ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सिकंदराबाद नगर पालिका क्षेत्र के विस्तार को लेकर शासन की मुहर लग चुकी है। चुनाव बाद क्षेत्र के विस्तार की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। सिकंदराबाद में तय समय पर नगर निकाय चुनाव करा पाना मुमकिन नहीं होगा। विस्तार प्रक्रिया में कम से कम एक साल का समय लग सकता है, जबकि निकाय चुनाव सितंबर-अक्तूबर में होंगे।
तीनों नगर पालिका क्षेत्र के विस्तार की रिपोर्ट शासन के पास विचाराधीन है। चूंकि अब आचार संहिता लगी हुई है, इसलिए अभी इस पर कोई फैसला नहीं लिया जा सकता है। अब चुनाव के बाद ही इस पर कोई निर्णय लिया जा सकेगा। एके सिंह, ईओ, बुलंदशहर-खुर्जा-सिकंदराबाद