बुलंदशहर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) की ओर से प्रोफेशनल कोर्स की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षाएं 13 जनवरी से शुरू होंगी। सभी परीक्षाएं दो पालियों में संपन्न कराई जाएंगी।
सीसीएसयू की ओर से प्रोफेशनल कोर्स की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए जारी किए गए कार्यक्रम के साथ दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं। यह परीक्षाएं प्रथम सेमेस्टर में शामिल प्रोफेशनल कोर्स के बीबीए, बीसीए, एलएलबी, बीकॉम एलएलबी, बीए जर्नलिज्म एंड माॅस कामनिकेशन, बीएससी कंप्यूटर साइंस व बैचलर्स ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोटर्स समेत अन्य कोर्स की होंगी।
परीक्षा पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर एक बजे और दूसरी पाली में दोपहर बाद दो से शाम पांच बजे तक चलेंगी। डीएवी पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राजीव सिरोही ने बताया कि प्रोफेशनल कोर्स की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं का कार्यक्रम सीसीएसयू की ओर से जारी कर दिया गया है। जल्द ही परीक्षा केंद्र और नोडल केंद्रों की भी सूची जारी कर दी जाएगी। संबंधित कोर्स के छात्र-छात्राएं अपनी-अपनी परीक्षा कार्यक्रम देख लें।