सिकंदराबाद। जिला कारागार बुलंदशहर में तैनात एक महिला वार्डन ने दो महिलाओं पर मारपीट, गाली गलौज और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्राम बिटावधा निवासी वर्तमान में जिला कारागार बुलंदशहर में तैनात रीतु सहारावत ने तहरीर में बताया कि छह मई को वह जेल में मुलाकात करने आने वाले परिजनों की चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थीं। आरोप है कि दो बंदियों के परिजन धर्मवती और गुड़िया मुलाकात के बाद जब वापस जाने लगी तो हाथों पर लगी मोहर दिखाने के लिए कहा गया, लेकिन दोनों महिलाएं बहस करने लगीं और बिना मोहर दिखाए बाहर जाने लगीं।
वार्डन के अनुसार जब उन्होंने दोनों महिलाओं को रोकने का प्रयास किया तो दोनों ने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गई। घटना के बाद जेल प्रशासन ने उनका मेडिकल कराया है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि महिला वार्डन की तहरीर पर आरोपी महिलाओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।