खुर्जा। नगर पालिका में कार्यरत 375 सफाई कर्मचारियों का ईपीएफ और ईएसआई जमा नहीं होने पर एसडीएम ने ईओ से जवाब तलब किया है। तीन दिन बाद भी ईओ ने कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ की शिकायत पर मेरठ आयुक्त ने जांच के आदेश दिए थे।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष अरुण चौटाला ने बताया कि नगर पालिका खुर्जा में आउट सोर्सिंग पर लगभग 450 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं। इनमें से 375 कर्मचारियों के वेतन से ईपीएफ व ईएसआई शुल्क की कटौती होती है। अनुमान है कि एक कर्मचारी के वेतन से लगभग 3500 रुपये प्रति माह पीएफ और 350 रुपये ईएसआई शुल्क की कटौती हो रही है।
इसके बावजूद यह उनके पीएफ खाते में जाम नहीं हो रहे। अरुण चौटाला ने इसमें ठेकेदार पर पीएफ के गबन का आरोप लगाया। इस संबंध में कई बार नगर पालिका के अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। ऐसे में उन्होंने 12 जनवरी को मामले की शिकायत मेरठ मंडलायुक्त से की। मंडलायुक्त ने मामले में एसडीएम खुर्जा को कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। मेरठ आयुक्त के निर्देश पर एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय ने 17 जनवरी को ईओ नगर पालिका मोहम्मद अनवर हुसैन को पत्र लिखकर तीन दिन में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए थे।
इस विषय में ईओ से स्पष्टीकरण मांगा गया था लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। बृहस्पतिवार को दोबारा पत्र लिखकर कारण बताओ नोटिस भेजा जाएगा। - प्रतीक्षा पांडेय, एसडीएम खुर्जा
पीएफ जमा नहीं होने के आरोप गलत हैं। इस महीने 26 जनवरी से पहले सभी कर्मचारियों को पीएफ कार्ड वितरित किए जाएंगे। स्पष्टीकरण मांगे जाने की जानकारी नहीं है। - मोहम्मद अनवर हुसैन, ईओ, नगर पालिका खुर्जा