खुर्जा। नगला कोठी गांव में घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय बच्ची को आवारा कुत्ते ने काट लिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बच्ची को बचाया। बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। वहां पर वैक्सीन लगाने के बाद बच्ची को दिल्ली रेफर कर दिया गया।
गांव नगला कोठी निवासी गौतम ने बताया कि बृहस्पतिवार को वह काम पर गया हुआ था। घर पर परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे। उसकी छह साल की बच्ची तन्वी घर के बाहर बच्चों के संग खेल रही थी। तभी गांव में घूम रहा आवारा कुत्ता बच्चों के पीछे पड़ गया। सभी बच्चे भाग गए, मगर कुत्ते ने तन्वी पर हमला कर दिया। कुत्ते के हमले से तन्वी जमीन पर गिर गई। कुत्ते ने तन्वी के चेहरे, हाथ व पैर पर काट लिया और पंजे से भी हमला किया।
कुत्ते से बचने के लिए तन्वी जोर-जोर से चिल्लाने लगी। शोर सुनकर ग्रामीण वहां आ गए और कुत्ते को वहां से भगाया। कुत्ते के हमले में तन्वी गंभीर रूप से घायल हो गई थी। परिजन बच्ची को लेकर जटिया अस्पताल पहुंचे। वहां चिकित्सक ने बच्ची का उपचार करते हुए उसे एंटी रेबिज वैक्सीन लगाई। इसके बाद बाद उसको दिल्ली रेफर कर दिया। अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. इंदू ने बताया कि बच्ची को कई जगह कुत्ते ने काट लिया है। हाथ व पैर में ज्यादा घाव है। बच्ची को एंटी सिरम लगवाने के लिए दिल्ली भेजा गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक काफी बढ़ गया है। आए दिन कुत्ते किसी पर भी हमला कर देते हैं। कई बार ग्राम प्रधान से कुत्तों को पकड़वाने के लिए कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
पिटबुल मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव नीमचाना में बुधवार को खेत से घर लौट रही किशोरी पर पिटबुल प्रजाति के कुत्ते ने हमला कर दिया। जिससे किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल किशोरी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां हालत बिगड़ने पर किशोरी को दिल्ली हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने पिटबुल मालिक के खिलाफ अगौता थाने में तहरीर दी है।
अगौता के गांव नीमचाना निवासी लोकेश कुमार की पुत्री 16 वर्षीय पुत्री अंजलि बुधवार शाम अपने खेतों से पैदल घर लौट रही थी। इस दौरान गांव निवासी एक युवक पिटबुल प्रजाति के अपने पालतू कुत्ते को घुमा रहा था। किशोरी जब कुत्ते के पास से गुजर रही थी तो युवक ने कुत्ते को छोड़ दिया। जिसके बाद कुत्ते ने किशोरी पर हमला कर दिया और उसे जमीन पर गिरा लिया। कुत्ते के हमले से किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन पीड़िता को उपचार के लिए अकबरपुर रैना स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से उसे दिल्ली हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पीड़ित किशोरी के पिता ने थाना अगौता में पिटबुल मालिक के खिलाफ तहरीर दी है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सक्सेना का कहना है कि तहरीर के आधार पर आरोपी हरेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।