छतारी क्षेत्र के समसपुर गांव की जर्जर सड़क। संवाद
छतारी। क्षेत्र में जर्जर पड़ा समसपुर संपर्क मार्ग से चार गांव के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क खराब होने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। कई बार दोपहिया चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
गांव निवासी प्रमोद शर्मा ने बताया कि समसपुर, जयरामपुर, कीरतपुर व सालाबाद आदि गांवों को जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है। गड्ढों में पत्थर और उखड़ी हुई बजरी निकल आई है, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समसपुर निवासी अजय ने बताया कि यह मार्ग उनके लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। इससे होकर वे चौंढेरा, डिबाई आदि बाजार से घरेलू सामान लेने जाते हैं, लेकिन सड़क की जर्जर स्थिति के कारण बाइक, साइकिल और अन्य वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। कई बार लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
बरसात के समय हालात और भी खराब हो जाती हैं। जब गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क पूरी तरह जोखिम भरी हो जाती है। ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग से सड़क मरम्मत की मांग की, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सुगम हो सके और आए दिन हो रही परेशानियों से निजात मिल सके।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन हेमंत सिंह का कहना है कि जर्जर सड़क के संबंध में जेई से जानकारी ली जाएगी। सड़क पर जल्द मरम्मत कार्य कराया जाएगा।