अरनिया थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी कंटेनर चालक अनूप कुमा। स्रोत- पुलिस
खुर्जा। नेशनल हाईवे-34 पर 25 अगस्त को हुए हादसे में आरोपी चालक ने ओवरटेक करने के दौरान आवेश में आकर ट्रॉली में टक्कर मारी थी। पुलिस ने आरोपी चालक अनूप कुमार को फर्रुखाबाद से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को उसे जेल भेजा जाएगा।
सीओ खुर्जा पूर्णिमा सिंह ने बताया कि 25 अगस्त को कासगंज से ट्रैक्टर ट्रॉली से श्रद्धालु राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे थे। जब वह लोग अरनिया के घटाल गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने ट्रॉली में टक्कर मार दी थी। हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी और लगभग 50 लोग घायल थे।
इसमें ट्रैक्टर मालिक प्रमोद कुमार निवासी रफायतपुर, कासगंज की तहरीर पर आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में कंटेनर चालक की पहचान अनूप कुमार निवासी गांव हिरनखुदा, थाना मेरापुरा, जिला फर्रुखाबाद के रूप में हुई थी। रविवार को आरोपी अनूप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी चालक ने पुलिस को बताया कि वह ओवरटेक करने के लिए कंटेनर को तेजी से भगा रहा था। तभी सामने आए ट्रॉली में आवेश में आकर टक्कर मार दी। जब ट्रॉली पलट गई तब पकड़े जाने के डर से कंटेनर को हाईवे किनारे खड़ा कर भाग गया था।
संध्या की प्रतिक्रिया के इंतजार में परिजन : कैलाश अस्पताल में भर्ती 20 वर्षीय संध्या को सात दिन बाद भी होश नहीं आया। मां ओमवती ने बताया कि संध्या अभी तक कुछ सुन नहीं रही। हाथ व पैर को हिलाना शुरू किया है लेकिन अन्य कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रही। वहीं वार्ड में भर्ती अजय की बाईं आंख से ठीक से दिखाई नहीं दे रहा। वह अब लोगों को पहचान रहे हैं।