बुलंदशहर। दिवाली के पूर्व से लगातार बढ़ रहे शहर के वायु प्रदूषण सूचकांक में बुधवार को काफी गिरावट देखने को मिली। बुधवार को बुलंदशहर का 177 और खुर्जा का 140 एक्यूआई मापा गया।
एक्यूआई कम होने पर हवा भी स्वच्छ हो गई। इससे लोगों को भी राहत मिली। 16 अक्तूबर से बुलंदशहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार चल रही थी। वायु प्रदूषण बढ़ने पर लोगों को सांस लेने में परेशानी शुरू हो गई तो बीमारियां भी बढ़ गई। वायु प्रदूषण से बचाव को लेकर अफसरों ने प्रयास शुरू कर दिए। जिसका असर बुधवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक पर देखने को मिला।
बुधवार को देश के 247 जनपदों में बुलंदशहर का एक्यूआई 177 मापा गया, जबकि खुर्जा का 140 एक्यूआई रहा। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी विमल कुमार ने बताया कि मौसम में बदलाव और जिला प्रशासन एवं अन्य विभागों की सख्ती से एक्यूआई में कुछ सुधार दिखा है। लोगों से अपील है कि वायु गुणवत्ता सूचकांक को बढ़ने से रोकने में सभी सहयोग करें।