सिकंदराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव सांवली निवासी युवक की दूसरी पत्नी, जिसे वह 20 दिन पूर्व ही शादी कर लाया था, उसके पुत्र और भतीजे का अपहरण कर ले गई। पीड़ित परिजनों ने आरोपी दुल्हन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। अभी तक दोनों बच्चों का और आरोपी महिला का कोई सुराग नहीं लगा है।
औद्योगिक क्षेत्र के गांव सांवली निवासी हरेंद्र ने बताया कि वह गांव में रहकर खेतीबाड़ी करते हैं। उनके छोटे भाई जीतू उर्फ जितेंद्र भी उनके साथ खेतीबाड़ी करते हैं। जितेंद्र का एक छह वर्षीय पुत्र पीयूष है। उसकी पत्नी पूर्व में ही पुत्र को ससुराल में ही छोड़कर चली गई थी। गांव में टॉवर पर चौकीदार की नौकरी करने वाले अमरोहा निवासी दुष्यंत से उनके भाई जितेंद्र की दोस्ती हो गई। नौ अप्रैल को दुष्यंत ने कस्बा गढ़ निवासी एक महिला से जितेंद्र की शादी करा दी। जिसके बाद जितेंद्र दुल्हन को लेकर घर आ गया और वह परिवार के साथ रहने लगी।
बुधवार की दोपहर परिवार के सभी लोग जब काम से बाहर गए हुए थे, नई नवेली दुल्हन छोटे भाई के पुत्र पीयूष और पीड़ित के नौ वर्षीय पुत्र यश को अपने साथ लेकर फरार हो गई। शाम को जब वह वापस घर लौटे तो उन्हें घटना के बारे में जानकारी हुई। काफी तलाशने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने अनहोनी की आशंका व्यक्त की है। थाना पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
ह्यूमन ट्रैफिकिंग की भी आशंका
जिस तरह नई नवेली दुल्हन अपनी ससुराल से 20 दिन बाद ही सौतेले पुत्र और जेठ के बेटे को लेकर फरार हुई है, उससे ह्यूमन ट्रैफिकिंग से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। पुलिस ने शादी कराने वाले चौकीदार से भी पूछताछ की है लेकिन उससे भी कोई खास सबूत नहीं मिला है। हालांकि, जांच में सामने आया है कि जितेंद्र और दुष्यंत नशे के आदी हैं। जब जितेंद्र ने आरोपी महिला से शादी की थी तब उसके परिजनों ने इस बाबत विरोध भी जताया था। अब आरोपी महिला ने मौका मिलते ही दोनों बच्चों का अपहरण कर लिया।
खंगाले जा रहे सीसीटीवी
आशंका जताई जा रही है कि आरोपी महिला के साथ उसके अन्य साथी भी लगातार संपर्क में रहे होंगे। पुलिस उसकी सीडीआर खंगाल रही है। साथ ही आस पास लगे सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं।
मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं। बच्चों को विवाहिता अपने साथ क्यों ले गई है, अभी स्पष्ट न हीं है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। - पूर्णिमा सिंह, सीओ सिकंदराबाद