सीएचसी लखावटी में महिला की मौत के बाद विलाप करती महिलाएं। संवाद
औरंगाबाद। अगौता थाना क्षेत्र के गांव बीहरा में शुक्रवार सुबह घेर की दीवार गिरने से 50 वर्षीय महिला गीता देवी की दबने से मौत हो गई। अगौता पुलिस ने सीएचसी लखावटी पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने मुआवजे की मांग की है।
गांव बीहरा निवासी गीता देवी अपनी तीन बेटियों के साथ गांव में ही रहती थीं। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे वह घेर की सफाई कर रही थीं। इस दौरान ईंटों की दीवार भरभराकर गीता देवी के ऊपर गिर गई। गीता की चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सीएचसी लखावटी ले गए। वहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अगौता थाने के दरोगा सीएचसी लखावटी पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। ग्रामीणों का कहना है कि मृतक की बेटियों को तहसील प्रशासन की ओर से मुआवजा दिया जाना चाहिए। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है।
तीन बेटियों के सिर से उठा मां का साया
ग्रामीणों ने बताया कि गीता देवी की शादी करीब 25 वर्ष पूर्व नोएडा क्षेत्र निवासी व्यक्ति से हुई थी। पति से अनबन के कारण गीता देवी पिछले कई वर्षों से गांव में ही अपनी तीन बेटियों पूजा (24), हेमा (23) और मंजू (18) के साथ रहती थीं। तीनों बेटियों के सिर से मां का साया उठ गया है। परिवार के सामने अब आजीविका का संकट है।