बुलंदशहर-अनूपशहर। तीन दिन पूर्व गांव एचौरा में नहर में मिला शव दिल्ली निवासी राजू का था। शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया था। शनिवार को मृतक के बेटे आकाश ने मोर्चरी पहुंच शव की शिनाख्त अपने पिता राजू के रूप में की।
आकाश ने बताया कि वह मूलरूप से अनूपशहर क्षेत्र के गांव तौली-बिरौली के निवासी है। परिवार के साथ दिल्ली के मंडोली में रहते हैं। उनके पिता राजू (55) दिल्ली में ही माली का कार्य करते थे। 15 जुलाई को वह नाराजगी के चलते घर पर ही मोबाइल छोड़कर चले आए थे। उनके पिता जब भी किसी बात को लेकर नाराज होते थे वह गांव चले आते थे। पिता के शाम में घर नहीं लौटने पर उन्होंने पिता की दिल्ली में तलाश की। कोई सुराग नहीं मिलने पर वह गांव पहुंचे और कोतवाली अनूपशहर में संपर्क किया। पुलिस के नहर में मिले शव की फोटो दिखाने पर उन्होंने फोटो की शिनाख्त अपने पिता के फोटो के रूप में की। बाद में मोर्चरी पहुंचकर शव की शिनाख्त पिता राजू के रूप में की। बताया कि वह दो भाई है। वह और उनका भाई पवन चालक की नौकरी करते हैं। बड़ी दोनों बहनों और बड़े भाई पवन की शादी हो चुकी है। माता क्रांति गृहिणी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया।