छतारी। थाना क्षेत्र के पंड्रावल-अतरौली रोड पर हुए सड़क हादसे में घायल ऑटो चालक संदीप (30) ने भी मंगलवार देर शाम दम तोड़ दिया। संदीप का अलीगढ़ के निजी अस्पताल उपचार चल रहा था। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी।
छतारी क्षेत्र के रून्सी गांव निवासी सोनू ने बताया कि उनके छोटे भाई संजय की पत्नी रेशमा (30) का मायका अलीगढ़ के बहादुरपुर गांव में है। रेशमा अपने मायके गई हुई थी। सोमवार को रेशमा और उनका 12 वर्षीय बेटा यश ऑटो से गांव लौट रहे थे।
जब छतारी के पंड्रावल गांव के पास पहुंचे तो अज्ञात वाहन ने ऑटो में टक्कर मार दी, जिसमें रेशमा की मौत हो गई और उनका बेटा यश, अन्य सवारी रामवती, उनका बेटा राहुल और ऑटो चालक संदीप घायल हो गए।
पंड्रावल चौकी प्रभारी ने चारों घायलों को अलीगढ़ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मंगलवार शाम को संदीप की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं यश, रामवती और राहुल को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। रेशमा की मौत के बाद रून्सी गांव में मातम पसरा हुआ है। गमगीन माहौल में मंगलवार दोपहर को रेशमा का अंतिम संस्कार किया। सीओ डिबाई प्रखर पांडेय ने बताया कि मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।