बुलंदशहर/नरसेना। खुर्जा की वायु गुणवत्ता में बृहस्पतिवार को जहां सुधार हुआ तो बुलंदशहर की हवा खतरनाक स्तर पर पहुंच गई। सुबह से शाम तक बुलंदशहर का एक्यूआई 300 के पार रहा। वहीं, नरसेना क्षेत्र के गांव कपसाई में कूड़ा जलाने और उठे धुएं से लोग परेशान हुए। बृहस्पतिवार को बुलंदशहर का 306 और खुर्जा का 262 औसत एक्यूआई रहा।
306 एक्यूआई होने पर बुलंदशहर देश के 240 प्रदूषित शहरों में 11वें नंबर पर रहा। उधर, ग्रेप-4 लागू होने पर प्राधिकरण ने चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया हैं। खुर्जा की वायु गुणवत्ता बुधवार को 300 से अधिक होने पर देश में नौवां सबसे प्रदूषित शहर रहा। एक्यूआई बढ़ने पर खुर्जा में वायु प्रदूषण को लेकर सख्ती बढ़ाए जाने से बृहस्पतिवार को सुधार देखने को मिला, लेकिन एक क्षेत्र में जहां सुधार हुआ तो दूसरे क्षेत्र में लापरवाही से वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ गया। बृहस्पतिवार सुबह नरसेना क्षेत्र के कपसाई गांव के मार्ग किनारे कूड़े के ढेर में किसी ने आग लगा दी। इससे काफी देर तक धुआं उठता रहा।
ऐसे में मार्ग से आने-जाने वाले राहगीरों को मुंह ढककर निकलना पड़ा तो कुछ खांसते हुए मार्ग से निकले। साथ ही धुएं से लोगों की आंखों में भी परेशानी हुई लेकिन किसी ने भी कूड़े में लग रही आग को बुझाने का प्रयास नहीं किया। उधर, बुलंदशहर नगर में भी कई स्थानों पर कूड़ा-कचरा जलता मिला, लेकिन पालिका द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
हालांकि ग्रेप-4 लागू होने पर प्राधिकरण की ओर से हो रहे निर्माण कार्य पर उपाध्यक्ष ने रोक लगवा दी है, लेकिन निजी एवं अन्य विभागों के कार्य अभी भी जारी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा बृहस्पतिवार को जारी किए गए बुलेटिन में दिल्ली सबसे प्रदूषित शहर रहा। जबकि बुलंदशहर का एक्यूआई 306 होने पर 11वें स्थान पर रहा और खुर्जा का 262 एक्यूआई मापा गया।
कोट
कूड़े के ढेर में आग लगने की सूचना मिलने पर कर्मचारी को भेजकर आग बुझाने के निर्देश दिए गए।
- सतीश कुमार, खंड विकास अधिकारी ऊंचागांव
प्राधिकरण की ओर से जो भी निर्माण कार्य करवाए जा रहे है उन्हें ग्रेप-4 लगने पर रुकवा दिया गया। एक्यूआई में सुधार होने पर निर्माण कार्य करवा दिया जाएगा।
- डॉ. ज्योत्सना यादव, प्राधिकरण सचिव
कोहरा छाने और हवा की गति मंद होने से एक्यूआई का ग्राफ बढ़ा है। ग्रेप-4 लागू होने पर सभी तरह के निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाएगी। अन्य निर्देशों का भी पालन कराया जाएगा।
- गीतेश चंद्रा, एसओ, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड