खुर्जा। खिरखानी मोहल्ला निवासी वृद्ध मोहम्मद याकूब की हत्या में पुलिस ने मंगलवार को हत्यारोपी शौकीन को जेल भेज दिया। आरोपी के पास से हत्या में प्रयुक्त छुरी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने पीड़ित परिवार से भी पूछताछ की।
इब्राहिमपुर गांव के पास सोमवार दोपहर को कुछ लोगों ने खेत में लहूलुहान वृद्ध को देखा। वहीं खेत के बाहर एक वृद्ध बैठा था, जो रो रहा था और उसके कपड़ों पर खून लगा हुआ था। आस-पास के ग्रामीणों ने उसको दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल वृद्ध को जटिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया वृद्ध की पहचान खीरखानी निवासी मोहम्मद याकूब के रूप में हुई।
सूचना पर अस्पताल पहुंचे मृतक वृद्ध के परिजनों ने पुलिस सारी जानकारी दी कि मोहम्मद याकूब का एक कैंटर था और उसको पड़ोस में रहने वाला शौकीन पुत्र मुंशी चलाता था। दोनों में अच्छी दोस्ती थी। कहीं सामान उतारने और लेने के लिए कैंटर में साथ जाते थे। इसी के चलते सोमवार को शौकीन स्याना से दूसरी गाड़ी दिलवाने की बात कहकर याकूब को अपने साथ ले गया था।
जहां पर गाड़ी चलाने पर आए रुपयों को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद शौकीन ने याकूब की हत्या कर दी। सीओ वरुण कुमार ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उन्होंने कैंटर साझेदारी में लिया था। इसमें मुनाफा भी बराबर बंटता था, लेकिन मोहम्मद याकूब ने ज्यादा रुपये रख लिए थे। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया और शौकीन ने हत्या की योजना बनाई।